बच्चों ने समझा ओज़ोन का महत्व, कहा: हम युवा पर्यावरण संरक्षण को लेकर संकल्पित
राजसमन्द। विश्व ओजोन दिवस-2025 के क्रम में मंगलवार को बाल कृष्ण विद्या भवन उच्च माध्यमिक विद्यालय, कांकरोली में क्षेत्रीय कार्यालय, राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मण्डल एवं वन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में ओजोन परत क्षय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पोस्टर प्रतियोगिता एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन कर विद्यार्थियों को ओजोन परत के संरक्षण के लिए प्रेरित किया गया।
क्षेत्रीय अधिकारी अशोक जेलिया ने बताया कि प्रतियोगिताओं में सभी विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पोस्टर प्रतियोगिता को दो श्रेणियों – कक्षा 9 से 10 एवं कक्षा 11 से 12 में आयोजित किया गया। कक्षा 9 से 10 में प्रिंस सांलवी ने प्रथम, अंकित लौहार ने द्वितीय तथा अरूण प्रजापत ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कक्षा 11 से 12 में चन्द्रा सुथार ने प्रथम, संगीता कुमावत ने द्वितीय तथा पियुष सोनी और प्रदीप सोनी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में वन्दना जाट, नीलु कुमावत, नन्दन जांगिड़ और देवपाल सिंह रावत के दल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। देवेश कुमावत, गगन सेन, माही शर्मा और चेतन शर्मा के दल ने द्वितीय तथा रतन रेगर, भैरू रेगर, अनुभव भारद्वाज, कन्हैया लाल सांलवी के दल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इसी क्रम में क्षेत्रीय अधिकारी अशोक जेलिया द्वारा गांधी सेवा सदन में भी ओजोन परत के संबंध में प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विजेता विद्यार्थियों को उपखण्ड अधिकारी बृजेश गुप्ता एवं क्षेत्रीय अधिकारी जेलिया द्वारा पारितोषिक देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में ओजोन परत के महत्व, इसे नुकसान पहुँचाने वाले कारकों तथा संरक्षण हेतु किए जा रहे प्रयासों के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। सभी से आग्रह किया गया कि जनसामान्य को ओजोन परत के संरक्षण के लिए जागरूक करें और जिम्मेदार व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करें। अंत में क्षेत्रीय अधिकारी एवं उपखण्ड अधिकारी, राजसमन्द द्वारा सभी उपस्थित विद्यालयों के अधिकारी, कर्मचारी और विद्यार्थियों को ओजोन संरक्षण हेतु शपथ दिलाई गई तथा आयोजन को सफल बनाने पर आभार व्यक्त कर कार्यक्रम का समापन किया गया।
विश्व ओजोन दिवस के उपलक्ष में राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मण्डल द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित सतत परिवेशी वायु गुणवत्ता निगरानी सिस्टम प्रदर्श बोर्ड के माध्यम से ओजोन संरक्षण के उपायों हेतु संदेश प्रदर्शित किया गया।
