फालना में अज्ञात लोगों द्वारा नदी किनारे केमिकल डालने से मासूम सहित दो झुलसे
पाली जिले के बाली उपखंड अंतर्गत फालना में एक सनसनीखेज लापरवाही का मामला सामने आया है। औद्योगिक क्षेत्र खुडाला के समीप खारेश्वर महादेव मंदिर जादरी के पास नदी किनारे अज्ञात व्यक्तियों द्वारा केमिकल युक्त मिट्टी डाल दी गई, जिसकी चपेट में आने से एक 10 वर्षीय बालक और एक 22 वर्षीय युवक गंभीर रूप से झुलस गए।
केमिकल युक्त मिट्टी के संपर्क में आते ही झुलसे पैर
जानकारी के अनुसार, 10 वर्षीय बालक कृष्णा और 22 वर्षीय युवक अर्जुन नदी किनारे से गुजर रहे थे। इसी दौरान वहां डाली गई अत्यधिक ज्वलनशील या खतरनाक केमिकल युक्त मिट्टी के संपर्क में आने से दोनों झुलस गए। मासूम कृष्णा के पैर इस कदर झुलस गए कि उनसे खून बहने लगा। परिजनों ने आनन-फानन में दोनों को स्थानीय अस्पताल पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों द्वारा उनका उपचार किया जा रहा है।
पुलिस थाने में दी रिपोर्ट, सख्त कार्रवाई की मांग
हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में भारी रोष व्याप्त हो गया। कांग्रेस नगर अध्यक्ष हितेश मेवाड़ा और बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ पीड़ित परिवार फालना थाने पहुँचा। वहां सहायक उपनिरीक्षक (ASI) दलपत सिंह को लिखित रिपोर्ट सौंपकर अज्ञात दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई। ग्रामीणों का कहना है कि औद्योगिक कचरे को इस तरह सार्वजनिक स्थानों और नदी किनारे डालना जानलेवा साबित हो रहा है।