आबकारी विभाग का विशेष अभियान: प्रदेशभर में अवैध शराब पर कड़ा प्रहार, हजारों लीटर वॉश नष्ट
उदयपुर/भीलवाड़ा हलचल। आबकारी आयुक्त शिवप्रसाद नकाते के निर्देशानुसार प्रदेश में अवैध मदिरा के खिलाफ जीरो टोलरेंस की नीति अपनाते हुए विशेष निरोधात्मक अभियान शुरू किया गया है। 16 से 31 मार्च तक चलने वाले इस अभियान के तहत आबकारी निरोधक दलों ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में दबिश, गश्त और नाकाबंदी कर अवैध शराब निर्माण, तस्करी और परिवहन पर बड़ी कार्रवाई की है।
अतिरिक्त आबकारी आयुक्त (पॉलिसी) प्रदीप सिंह सांगावत एवं अतिरिक्त आबकारी आयुक्त (प्रशासन) अनिल कुमार शर्मा के सुपरविजन में टीमें सक्रिय हैं। अभियान के दौरान अब तक हजारों लीटर वॉश और अवैध भट्टियों को नष्ट किया गया है। प्रमुख कार्रवाइयों का विवरण इस प्रकार है:
करौली: हिण्डौन सिटी के तिघरिया में एक पड़त दुकान पर अवैध रूप से देशी व अंग्रेजी शराब बेचने पर संचालक बिपेन्द्र और अन्नु के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया।
चुरू: आबकारी दल ने 5 अभियोग दर्ज किए। एक मोटरसाइकिल से 75 पव्वे देशी मदिरा और 20 लीटर हथकड़ शराब बरामद की गई।
बांसवाड़ा: बांसवाड़ा व कुशलगढ़ क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान 2400 लीटर वॉश नष्ट कर 7 मामले दर्ज किए गए।
जयपुर: सोमवार रात्रि नाकाबंदी के दौरान एक होंडा सिटी कार से हरियाणा मार्क की 46 बीयर केन बरामद की गईं। मौके से चालक को गिरफ्तार किया गया है।
प्रदेश के अन्य जिलों में भी नाकाबंदी और गश्त के जरिए अवैध शराब के भंडारण और विक्रय पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
