प्रिंसिपल को चैम्बर में बंद किया, विरोध पर उतरी छात्राएं

Update: 2026-02-04 07:50 GMT

उदयपुर। संभाग के सबसे बड़े सरकारी मीरा गर्ल्स कॉलेज में परीक्षा परिणामों में अनियमितता और स्कूटी वितरण में लापरवाही के आरोपों को लेकर बुधवार को छात्राएं विरोध पर उतर आईं। आक्रोशित छात्राओं ने कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. दीपक माहेश्वरी को उनके चैम्बर में बंद कर दिया और बाहर धरने पर बैठकर नारेबाजी शुरू कर दी, जिससे कॉलेज परिसर में तनावपूर्ण माहौल बन गया।

स्थिति बिगड़ती देख हाथीपोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छात्राओं से समझाइश कर प्रिंसिपल चैम्बर का गेट खुलवाया। इसके बाद प्रिंसिपल और छात्राओं के बीच तीखी बहस भी हुई। छात्राओं का आरोप है कि बीए फर्स्ट, बीए फोर्थ और बीएससी सेकंड सेमेस्टर के परीक्षा परिणामों में गंभीर धांधली की गई है। कई विषयों में बड़ी संख्या में छात्राओं को जानबूझकर फेल किया गया, जिसके बाद पुनर्मूल्यांकन के नाम पर शुल्क वसूला जा रहा है।

छात्राओं ने यह भी आरोप लगाया कि प्रिंसिपल का व्यवहार छात्रों के प्रति अपमानजनक है। एबीवीपी की सुमन कुंवर ने बताया कि शांतिपूर्वक अपनी मांग रखने पर भी प्रिंसिपल ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया। पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष किरण वैष्णव ने बताया कि कॉलेज में हर साल फीस बढ़ाई जा रही है, जबकि यहां बड़ी संख्या में गरीब और आदिवासी छात्राएं अध्ययनरत हैं। छात्राओं ने जल्द समाधान नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है।

Tags:    

Similar News