उदयपुर ट्रैकिंग ग्रुप के दो वर्ष पूर्ण: अरावली की वादियों में 40 महिलाओं ने दिखाया अदम्य साहस
उदयपुर । उदयपुर ट्रैकिंग ग्रुप के दो सफल वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में एक भव्य एडवेंचर कैंप का आयोजन किया गया। इस आयोजन में शहर की लगभग 40 महिलाओं ने अरावली की दुर्गम पहाड़ियों के बीच प्रकृति के सानिध्य में समय बिताकर महिला सशक्तिकरण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
साहसिक गतिविधियों और रात्रि विश्राम का अनुभव
ग्रुप की अध्यक्षा अनीता माहेश्वरी ने बताया कि आयोजन की शुरुआत बेस कैंप से हुई, जहाँ टेंट्स में रात्रि विश्राम की विशेष व्यवस्था की गई थी। शाम ढलते ही बोनफायर, मनोरंजक खेल और फिजिकल एक्टिविटीज़ ने माहौल में उत्साह भर दिया। महिलाओं ने रोप एडवेंचर जैसी साहसिक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लिया।
9 किलोमीटर की कठिन ट्रैकिंग
अगले दिन सुबह सभी प्रतिभागियों ने बेस कैंप से 'तिक्की की धुनी' तक लगभग 9 किलोमीटर लंबी ट्रैकिंग की। करीब 5 घंटे के इस सफर में महिलाओं ने अरावली की खूबसूरत वादियों, झरनों और वन्यजीवों का दीदार किया। इस दौरान स्थानीय वनस्पतियों और आयुर्वेदिक जड़ी-बूटियों के बारे में भी जानकारी साझा की गई।
प्रकृति संरक्षण का संदेश
ग्रुप के सचिव निलेश कोठारी ने कहा कि इस कैंप का मुख्य उद्देश्य लोगों को प्रकृति के करीब लाना और अरावली की पहाड़ियों को स्वच्छ रखने के प्रति जागरूक करना है। इस कार्यक्रम में मालेश्वरी शर्मा, लीना जायसवाल, रेखा सोनी, विनीता देवपुरा, मंजू पुरविया, सुशीला देवपुरा, वर्षा सोनी, स्मारिका माहूर, अन्नू लोढ़ा, कला गट्टानी, किरण चौधरी, रेणु चौधरी, कृष्णा सुहालका, वीणा शकदीप, प्रीति टांक, प्रमिला टांक, गीता राव, हेमा साहू सहित कई अन्य महिलाएँ उपस्थित रहीं।