नारकोटिक्स कार्रवाई के खिलाफ ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
नारकोटिक्स कार्रवाई के खिलाफ ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन जिले के राशमी क्षेत्र में स्थित एक गांव में बुधवार को एक अफीम पट्टाधारी के खेत से अवैध अफीम बरामदगी एवं गिरफ्तारी के विरोध में गुरुवार को ग्रामीणों ने नारकोटिक्स विभाग के विरुद्ध कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन करके निष्पक्ष जांच की मांग की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नारकोटिक्स विभाग नीमच का एक दल बुधवार सुबह छह बजे रुद गांव में रतनलाल सुखवाल के खेत पर पहुंचा, जहां जमीन में गढ़ा एक स्टील का डिब्बा बरामद किया, जिसमें दो किलोग्राम से अधिक कथित अफीम मिली। नीमच का दल मौके से रतनलाल सुखवाल को अपने साथ नीमच ले गयाअफीम छुपाने के बहाने किया गिरफ्तार, 45 लाख रुपए की डिमांड की
18 जून की सुबह रूद गांव के किसान रतनलाल सुखवाल रोज की तरह अपने खेत पर गए थे। वहां उनके मवेशी बंधे रहते हैं और वह दूध निकालने जाते हैं। जैसे ही रतनलाल खेत पर पहुंचे, वहां पहले से मौजूद नारकोटिक्स विभाग की टीम ने उन्हें घेर लिया और पूछा – “अफीम कहां छुपा रखी है?”
रतनलाल यह सुनकर चौंक गए। उन्होंने कहा कि उनके पास कोई अफीम नहीं है। लेकिन अधिकारियों ने उनकी एक न सुनी और खेत में खुदाई शुरू कर दी। खेत के ट्यूबवेल के पास मिट्टी के ढेर से एक स्टील की केतली निकाली गई। अधिकारियों ने कहा कि इसमें अफीम है और उसी के आधार पर रतनलाल को पकड़ लिया गया।
थोड़ी देर बाद रतनलाल का बेटा किशन भी खेत पर आ गया। उसने अधिकारियों से अपने पिता को पकड़ने की वजह पूछी, तो अधिकारियों ने किशन को भी डांटकर धमकाया और कहा कि “तेरे नाम पर भी पट्टा है।” इसके बाद किशन को भी पकड़ लिया गया।
पिता-पुत्र दोनों अधिकारियों से बार-बार हाथ जोड़कर कहते रहे कि उनका इस अफीम से कोई संबंध नहीं है। वे निर्दोष हैं। लेकिन अधिकारियों ने उनकी बात नहीं मानी और उल्टा किशन से कहा कि अगर पिता को छुड़ाना है तो 45 लाख रुपए की व्यवस्था करनी होगी। इसके लिए किशन को दो दिन का समय दिया गया और रतनलाल को अपने साथ ले गए।
किसानों का आरोप – पैसे वसूलने की कोशिश
गांव के किसानों ने आरोप लगाया कि यह पूरी कार्रवाई केवल पैसे वसूलने के लिए की गई। उन्होंने कहा कि रतनलाल एक ईमानदार किसान हैं और पिछले कई वर्षों से अफीम की वैध खेती कर रहे हैं। उन्हें बिना किसी सबूत के झूठे केस में फंसाना बहुत ही शर्मनाक है।
विधायक जीनगर बोले - गलत कार्रवाई नहीं होने देंगे
कपासन विधायक अर्जुनलाल जीनगर खुद मौके पर पहुंचे और किसानों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई पूरी तरह गलत है और एक निर्दोष किसान को फंसाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि वे इस मामले में लगातार अधिकारियों और सांसद से बात कर रहे हैं।
