चेटीचंड महोत्सव की धूम: 20 मार्च को बहेगी भक्ति की सरिता, भव्य वाहन रैली और शोभायात्रा का होगा आयोजन
शाहपुरा (मूलचन्द पेसवानी) | सिंधी समाज के आराध्य देव भगवान झूलेलालजी के जन्मोत्सव 'चेटीचंड महोत्सव' को लेकर शाहपुरा शहर में उत्साह चरम पर है। पूज्य सिंधी पंचायत के तत्वावधान में आगामी 20 मार्च 2026, शुक्रवार को यह पावन पर्व भक्ति, उल्लास और सांस्कृतिक रंगों के साथ मनाया जाएगा। शहर के प्रमुख मार्गों से लेकर मंदिरों तक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं और चहुंओर "जय झूलेलाल" के जयघोष गूंजने लगे हैं।
सुबह 9 बजे निकलेगी वाहन रैली, सफेद लिबास में दिखेंगे युवा
पंचायत अध्यक्ष लीलाराम वासवानी, सचिव नरेश लखपतानी व कोषाध्यक्ष अशोक थानवानी ने बताया कि महोत्सव का आगाज प्रातः 9:00 बजे दिलखुशाल बाग स्थित झूलेलाल मंदिर से भव्य वाहन रैली के साथ होगा। यह रैली बालाजी की छतरी, सदर बाजार, कुंडगेट, त्रिमूर्ति स्मारक, सिंधी कॉलोनी, भीलवाड़ा रोड और बस स्टैंड होते हुए पिवणिया तालाब स्थित संत कंवर राम धर्मशाला पहुंचेगी। रैली में अनुशासन हेतु पुरुषों के लिए सफेद कुर्ता-पायजामा या सफेद शर्ट का ड्रेस कोड निर्धारित किया गया है। समापन पर अल्पाहार की व्यवस्था रहेगी।
दोपहर में धार्मिक अनुष्ठान और शाम को बहराणा साहब की शोभायात्रा
दोपहर 3:30 बजे से झूलेलाल मंदिर में झंडारोहण, भजन-कीर्तन, छेज नृत्य और पूज्य बहराणा साहब की पूजा-अर्चना के साथ धार्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला शुरू होगी। शाम 6:30 बजे मंदिर से अखंड ज्योति पूज्य बहराणा साहब की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो शहर के मुख्य मार्गों से गुजरती हुई पिवणिया तालाब पर विसर्जित होगी। शोभायात्रा में आकर्षक झांकियां और ढोल-नगाड़ों की गूंज विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी।
रात्रि में आम भंडारा और समाज की एकजुटता पर जोर
महोत्सव के समापन पर रात्रि 8:00 बजे संत कंवर राम धर्मशाला में विशाल आम भंडारे का आयोजन होगा, जिसमें समस्त समाजबंधुओं को सपरिवार आमंत्रित किया गया है। पंचायत पदाधिकारियों ने समाज के सभी वर्गों से अधिक से अधिक संख्या में जुटकर पर्व को सफल बनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि चेटीचंड महोत्सव सिंधी समाज की आस्था, परंपरा और अटूट एकता का प्रतीक है, जो आपसी भाईचारे और सांस्कृतिक मूल्यों को सहेजने का संदेश देता है।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455
