शाहपुरा में छह सफाई कर्मचारियों की सेवा बहाल, वीडियो प्रकरण पर समाप्त हुआ विवाद

Update: 2025-09-03 09:14 GMT

शाहपुरा-पेसवानी । शाहपुरा नगर पालिका के छह सफाई कर्मचारियों को सेवा में बहाल कर दिया गया है। ये कर्मचारी बेजुबान कुत्तों को पकड़ने के दौरान वायरल हुए एक वीडियो के चलते निलंबित कर दिए गए थे।

नगर में लगातार बढ़ रही डॉग बाइट की घटनाओं को देखते हुए पालिका प्रशासन ने कर्मचारियों को बेजुबान कुत्तों को पकड़ने के निर्देश दिए थे। इसी दौरान की गई कार्रवाई का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मामले को गंभीर मानते हुए नगर पालिका आयुक्त रिंकल गुप्ता ने तत्काल प्रभाव से छह सफाई कर्मचारियों को निलंबित कर दिया।

बाद में वीडियो वायरल करने वाले व्यक्ति ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांग ली और वीडियो को हटा भी लिया। इसके बावजूद कर्मचारियों की बहाली को लेकर शहर में माहौल गरमा गया। सामाजिक संस्थाएं और सफाई कर्मचारी यूनियन कर्मचारियों के समर्थन में आगे आए। उन्होंने उपखंड अधिकारी, पालिका आयुक्त और अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपकर निलंबन वापस लेने की मांग की। यूनियन ने हड़ताल की चेतावनी भी दी थी।

स्थिति को देखते हुए शाहपुरा विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने हस्तक्षेप किया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों का निलंबन अनुचित है और इस मामले में उन्होंने उच्चाधिकारियों से बात की। इसके बाद डीएलबी (डायरेक्टरेट ऑफ लोकल बॉडीज) ने सभी छह कर्मचारियों की बहाली के आदेश जारी कर दिए। मंगलवार को देर रात विधायक ने अपने कार्यालय में कर्मचारियों को बहाली आदेश सौंपे। इस मौके पर पालिका अध्यक्ष रघुनंदन सोनी व भाजपा नेता भी मौजूद रहे। सफाई कर्मचारी कांग्रेस के जिला अध्यक्ष पुष्पेंद्र घुसर ने विधायक और पालिका प्रशासन का आभार जताया।

Similar News