अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल

Update: 2026-02-07 17:20 GMT

बनेड़ा (हेमराज तेली) कस्बे के निकटवर्ती कोडलाई चौराहे पर एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद भीलवाड़ा रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार नानोदिया निवासी हरिचंद भील (25), पिता नारायण भील, बामनिया लांबा से अपने गांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कोडलाई चौराहे के पास सामने से आ रहे एक तेज गति वाले वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गया। दुर्घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने मानवता दिखाते हुए घायल युवक को बनेड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां मौजूद चिकित्सकों ने युवक की नाजुक स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार दिया और बेहतर इलाज के लिए जिला मुख्यालय रेफर कर दिया। सूचना मिलते ही बनेड़ा 108 एंबुलेंस के पायलट प्रकाश चंद्र कुमावत मौके पर पहुंचे और घायल हरिचंद को तत्काल भीलवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल घायल का उपचार जारी है और उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

Similar News