बनेड़ा में हनुमान जयंती की तैयारियां पूरी: मंदिरों में सजेगी भजन संध्या, निकलेगी भव्य शोभायात्रा

Update: 2026-04-01 07:27 GMT

बनेड़ा (के.के.भंडारी)। हनुमान जयंती उत्सव को लेकर कस्बे में स्थित श्री घाटी के बालाजी, श्री गूंदी के हनुमान जी सहित सभी हनुमान मंदिरों में तैयारियां पूर्ण हो चुकी हैं। शाहपुरा रोड पर पुलिस थाने के पास स्थित गूंदी के हनुमानजी मंदिर में रंग-रोगन और आकर्षक सजावट कर परिसर को भव्य स्वरूप प्रदान किया गया है। मंदिर पुजारी जितेंद्र आचार्य और आयोजन कमेटी के गणेश भण्डारी ने बताया कि 2 अप्रैल को भव्य कार्यक्रम आयोजित होगा। बालाजी को आकर्षक श्रृंगार व चोले से सुसज्जित कर दिन भर दर्शन खुले रहेंगे। शाम को महाआरती, प्रसाद वितरण और रात 9:00 बजे से ख्यातनाम कलाकारों द्वारा भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी।

तीन दिवसीय हनुमान जन्मोत्सव का शुभारंभ

यशवंत सिंह परिहार ने बताया कि कस्बे के आराध्य देव श्री घाटी के बालाजी में तीन दिवसीय हनुमान जन्मोत्सव का भव्य शुभारंभ मंगलवार को श्री 1008 देवा दास जी महाराज के सानिध्य में रामचरित मानस पाठ से हुआ। बुधवार को पाठ समापन के पश्चात नवल भारद्वाज और उनकी टीम द्वारा रात 8:15 बजे भव्य सुंदरकांड पाठ किया जाएगा। 2 अप्रैल को हनुमान जयंती के अवसर पर सुबह से ही आकर्षक श्रृंगार के साथ चमत्कारिक दर्शन प्रारंभ होंगे। दोपहर 1:00 बजे से भव्य मेले का शुभारंभ होगा तथा देश के ख्यातनाम कलाकारों द्वारा विशाल भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा जो देर रात तक चलेगी।

भव्य शोभा यात्रा और अखाड़ा प्रदर्शन

विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी भव्य शोभा यात्रा निकाली जाएगी। उत्साही युवा शक्ति के साथ यह यात्रा शाम 4:15 बजे श्री चारभुजा नाथ मंदिर से रवाना होकर मुख्य बाजार और प्रमुख मार्गों से होते हुए श्री घाटी के बालाजी मंदिर पर संपन्न होगी। शोभायात्रा में अखाड़ा प्रदर्शन के साथ-साथ महाकाल की आरती मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेगी।

Similar News