सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ नगर पालिका सख्त, जब्त की 6 किलो प्लास्टिक

Update: 2026-02-13 15:13 GMT

बनेड़ा (हेमराज तेली) नगर पालिका प्रशासन द्वारा शहर को स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को विशेष अभियान चलाया गया। इस कार्रवाई के दौरान प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग करने वालों और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए गए। नगर पालिका की टीम ने मुख्य बाजारों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान प्लास्टिक जब्ती में कुल 6 किलोग्राम प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक जब्त की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों से 1,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया। गंदगी पर लगाम, सड़क पर कचरा फेंकने और गंदगी फैलाने वालों पर 100 रुपये का जुर्माना लगाकर मौके पर ही हिदायत दी गई। केवल चालान ही नहीं, बल्कि टीम ने आमजन और व्यापारियों को स्वच्छता का महत्व भी समझाया। पालिका अधिकारियों ने लोगों को गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने की विधि बताई। साथ ही, अपील की गई कि कचरे को इधर-उधर न फेंककर हमेशा कचरा पात्र या नगर पालिका की कचरा गाड़ी में ही डालें। नगर पालिका ने शहर की स्वच्छता हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग पर्यावरण के लिए घातक है, इसलिए नागरिक प्रशासन का सहयोग करें।

Similar News