टी-20 वर्ल्ड कप: ऑस्ट्रेलिया की शर्मनाक हार, श्रीलंका ने 8 विकेट से रौंदा; बाहर होने की कगार पर कंगारू
पल्लेकेले। टी-20 वर्ल्ड कप में बड़ा उलटफेर करते हुए श्रीलंका ने ऑस्ट्रेलिया को 8 विकेट से करारी शिकस्त दी है। सोमवार को खेले गए ग्रुप-बी के इस मुकाबले में मिली हार के बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम टूर्नामेंट से लगभग बाहर होने की कगार पर पहुंच गई है। अब कंगारुओं की किस्मत पूरी तरह से जिम्बाब्वे और आयरलैंड के मैच पर टिकी है। अगर मंगलवार को जिम्बाब्वे ने आयरलैंड को हरा दिया, तो ऑस्ट्रेलिया का बोरिया-बिस्तर बंधना तय है।
निसंका का तूफानी शतक, कंगारू गेंदबाज बेअसर
पल्लेकेले स्टेडियम में श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। ऑस्ट्रेलिया की पूरी टीम 20 ओवर में 181 रन पर सिमट गई। जवाब में श्रीलंका ने मात्र 18 ओवर में ही 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। श्रीलंका की जीत के नायक पथुम निसंका रहे, जिन्होंने 52 गेंदों पर नाबाद 100 रन की आतिशी पारी खेली। यह इस टूर्नामेंट का पहला शतक है। निसंका की इस पारी में 10 चौके और 5 छक्के शामिल थे। कुसल मेंडिस ने भी 51 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया।
हेड और मार्श की मेहनत पर फिरा पानी
ऑस्ट्रेलिया की ओर से ट्रेविस हेड (56) और मिचेल मार्श (54) ने शानदार अर्धशतक जड़े और शतकीय साझेदारी की, लेकिन मध्यक्रम के लड़खड़ाने से टीम बड़ा स्कोर नहीं बना सकी। श्रीलंका की ओर से दुषन हेमंथ ने घातक गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके, जबकि दुष्मंथा चमीरा को 2 सफलताएं मिलीं। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से मार्कस स्टोयनिस ने 2 विकेट लिए, लेकिन वे हार नहीं टाल सके।