नीरज चोपड़ा ने पहली बार पार किया 90 मीटर का आंकड़ा

दोहा डायमंड लीग में हिस्सा ले रहे नीरज चोपड़ा ने शुक्रवार को 90 मीटर का आंकड़ा पार कर लिया। नीरज ने तीसरे प्रयास में 90.23 मीटर का थ्रो किया। यह पहली बार है जब नीरज ने अपने करियर में 90 मीटर का थ्रो किया है। नीरज ने जब टोक्यो ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीता था, वह उस वक्त भी 90 मीटर का थ्रो नहीं फेंक सके थे। नीरज ने हमेशा कहा था कि उन्हें भरोसा है कि वह एक दिन 90 मीटर का थ्रो करने में सफल रहेंगे और दोहा डायमंड लीग में उन्होंने यह बाधा भी पार कर ली। नीरज के करियर का यह सर्वश्रेष्ठ थ्रो भी है। इससे पहले नीरज का करियर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो 89.94 मीटर था जो उन्होंने 2022 स्टॉकहोम डायमंड लीग में बनाया था। तीसरे प्रयास में जूलियन वेबर ने 89.06 मीटर का थ्रो किया। वहीं, किशोर जेना तीसरे प्रयास में फाउल कर बैठे। तीन प्रयास के बाद नीरज पहले स्थान पर बने रहे।