किसान को खेत में बंधक बनाकर बेरमही से पीटा,जातिगत किया अपमानित, छह नामजद सहित अन्य लोगों पर एफआईआर दर्ज

Update: 2026-02-07 11:10 GMT

 भीलवाड़ा। जिले के गंगापुर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति के साथ मारपीट, जातिगत गालियां देने और रातभर खेत में बंधक बनाए रखने के मामले में अदालत के इस्तगासे पर पुलिस ने आखिरकार मुकदमा दर्ज कर लिया है। मुकदमे में छह लोगों को नामजद कर 10-12 अन्य लोगों को आरोपित बनाया है।

मामला कांगणी गांव निवासी कैलाश चंद्र पुत्र स्वर्गीय रूपलाल रैगर से जुड़ा है। परिवादी ने अदालत में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 20 जनवरी 2026 की रात करीब दस बजे वह साइकिल से अपने घर से खेत की ओर जा रहा था। रास्ते में कुछ लोगों ने शराब पी रखी थी और रास्ता रोक लिया। जब उसने खेत जाने के लिए रास्ता देने को कहा तो उसे जातिगत आधार पर अपशब्द कहकर अपमानित किया गया।

परिवादी के अनुसार इसके बाद 10 से 12 अन्य लोग भी वहां आ गए और सभी ने मिलकर उसे घेर लिया। आरोप है कि लात घूंसों और थप्पड़ों से मारपीट की गई और रातभर खेत में बंधक बनाकर रखा गया। इस दौरान धमकी दी गई कि यदि किसी को फोन किया या पुलिस में शिकायत दी तो जान से खत्म कर देंगे। सुबह होने पर आसपास के लोगों की आवाजाही देखकर आरोपी मौके से फरार हो गए।

कैलाश चंद्र का कहना है कि डर के कारण वह तुरंत रिपोर्ट दर्ज नहीं करवा सका। बाद में 22 जनवरी को गंगापुर थाने में शिकायत दी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने जिला पुलिस अधीक्षक को भी प्रार्थना पत्र दिया, मगर वहां से भी राहत नहीं मिलने पर मजबूर होकर विशेष अदालत की शरण ली।

अदालत ने मामले को गंभीर मानते हुए पुलिस को मुकदमा दर्ज कर जांच करने के निर्देश दिए। इसके बाद गंगापुर थाना पुलिस ने नामजद छह आरोपितों मुकेश, प्रहलाद, भैंरू, राजू, मदन व कन्हैयालाल के साथ ही 10-12 अन्य लोगों के खिलाफ मारपीट, धमकी, गैरकानूनी जमावड़ा और एससी एसटी एक्ट की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपों की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।   

Similar News

सोने चांदी के दाम बढ़ते ही बढऩे लगीं लूट की वारदातें-: दिनदहाड़े बुजुर्ग महिला से गहने लूट भागे बाइकर्स

डोडा-चूरा तस्करी मामले में अदालत का फैसला,: नागौर के नासिर को 15 साल की सजा