परिवार उजडऩे के बाद अब इकलौती महिला भी मासूम बेटे-बेटी संग लापता, कोई सुराग नहीं
पति और सास-ससुर की मौत के बाद बच्चों के साथ रह रही थी महिला, पिता ने दर्ज कराई गुमशुदगी
भीलवाड़ा बीएचएन। जिले में एक और चिंताजनक मामला सामने आया है। परिवार के तीन सदस्यों को खोने के बाद अपने दो मासूम बच्चों के सहारे जीवन काट रही एक महिला अचानक बच्चों सहित लापता हो गई। घटना से ग्रामीणों में हडक़ंप मच गया है। महिला के पिता ने सदर थाने में गुमशुदगी दर्ज करवाई है।
सदर थाने के एएसआई अनवर हुसैन ने बताया कि बनेड़ा थाना क्षेत्र के दौरालतपुरा निवासी गोपाल पुत्र रूपलाल ढोली की पुत्री लीला का विवाह हुरनियाखेड़ा निवासी छोटूलाल ढोली से हुआ था। लीला के एक बेटा नारायण 7 वर्ष और बेटी अंजली 5 वर्ष है।
पति और सास-ससुर की हो चुकी है मौत
बताया गया कि कुछ समय पहले लीला के पति और सास-ससुर की मृत्यु हो चुकी है। इसके बाद वह अपने दोनों बच्चों के साथ हुरनियाखेड़ा स्थित ससुराल के मकान में रह रही थी।
12 फरवरी को लीला अपने दोनों बच्चों के साथ घर से अचानक लापता हो गई। पड़ोसियों से सूचना मिलने पर पीहर पक्ष को इसकी जानकारी दी गई।
पिता ने की तलाश, नहीं मिला कोई सुराग
सूचना मिलते ही पिता गोपाल लाल ढोली हुरनियाखेड़ा पहुंचे और बेटी व दोनों नाती-नातिन की तलाश की, लेकिन उनका कहीं कोई पता नहीं चला। आखिरकार उन्होंने सदर थाने में गुमशुदगी दर्ज करवाई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर महिला और दोनों बच्चों की तलाश शुरू कर दी है। ग्रामीणों और परिजनों की नजरें अब पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं, ताकि मां और मासूम बच्चों का जल्द पता चल सके।
