बालाजी मार्केट में चला नगर निगम का पीला पंजा, अतिक्रमण ध्वस्त

Update: 2026-02-14 08:14 GMT

 भीलवाड़ा। शहर में अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम की कार्रवाई लगातार जारी है। शनिवार को निगम का अतिक्रमण निरोधक दस्ता बालाजी मार्केट पहुंचा और सड़कों पर किए गए अवैध कब्जों को ध्वस्त कर दिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से व्यापारियों में हड़कंप की स्थिति बन गई।

निगम सूत्रों के अनुसार शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों पर अभियान चलाने के बाद शनिवार को टीम ने बालाजी मार्केट को चिन्हित किया। यहां कई व्यापारियों द्वारा दुकानों के बाहर आठ से दस फीट तक सड़क पर चबूतरे और फुटपाथ बनाकर अतिक्रमण कर लिया गया था, जिससे यातायात प्रभावित हो रहा था।

जेसीबी मशीनों के साथ पहुंचे दस्ते ने कार्रवाई शुरू की और दुकानों के बाहर किए गए कच्चे-पक्के निर्माण को तोड़ दिया। निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यातायात व्यवस्था सुचारु रखने और आमजन को सुविधा देने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

कार्रवाई के दौरान कुछ व्यापारियों ने आपत्ति भी जताई, लेकिन प्रशासन ने सख्ती बरतते हुए अवैध अतिक्रमण हटाने का काम पूरा किया। 

Similar News