भीलवाड़ा में दर्दनाक अंत: 3 दिन से लापता बुजुर्ग की नहर में मिली लाश, इलाके में सनसनी

Update: 2026-02-14 04:44 GMT

भीलवाड़ा। नाथो का खेड़ा (पांसल) गांव से 11 फरवरी की शाम लापता हुए 60 वर्षीय कैलाशनाथ पुत्र रूपनाथ का शव शनिवार सुबह बापू नगर क्षेत्र से गुजर रही मेजा नहर में मिलने से शहर में सनसनी फैल गई। तीन दिन से परिवार और पुलिस जिनकी तलाश में जुटे थे, आखिरकार उनकी खोज एक दर्दनाक अंत पर जाकर खत्म हुई।

गुमशुदगी दर्ज, पुलिस और परिजन लगातार कर रहे थे तलाश

पर थाने के सहायक उपनिरीक्षक कैलाश चंद मीणा के अनुसार, कैलाशनाथ 11 फरवरी 2026 को सफेद धोती-कुर्ता पहनकर घर से निकले थे। परिजनों ने उसी दिन थाना पुर में गुमशुदगी दर्ज करवाई। रिपोर्ट में बताया गया कि वे मालोला से शराब लेने गए थे और लौटते समय संभवतः नहर में गिर गए।

गुमशुदगी दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। परिजन भी दिन-रात तलाश में जुटे रहे। शुक्रवार को खोजबीन तेज करते हुए मेजा नहर का पानी तक बंद करवाया गया, ताकि किसी सुराग तक पहुंचा जा सके।

हेमू कॉलोनी पार्क के सामने मिला शव, मचा हड़कंप

शनिवार सुबह बापू नगर स्थित हेमू कॉलोनी पार्क के सामने नहर में एक शव दिखाई देने की सूचना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही प्रताप नगर थाने से सहायक उपनिरीक्षक विजय यादव और पुर थाने से एएसआई मीणा मौके पर पहुंचे। पहचान कराने पर शव कैलाशनाथ का निकला।

शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है।

घर में कोहराम, इलाके में आक्रोश और दहशत

तीन दिन से उम्मीद लगाए बैठे परिजनों की आस उस वक्त टूट गई जब नहर में मिले शव की पहचान कैलाशनाथ के रूप में हुई। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। बापू नगर और आसपास के क्षेत्रों में भी दहशत और आक्रोश का माहौल है।

Similar News

राजस्थान पुलिस में बड़ा प्रशासनिक भूचाल: ! इंस्पेक्टर की कमी, अब SI संभालेंगे थाने