पशु चोरी कांड:: जेल में बंद दो शातिर प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार, खेत से चुराई थीं भैंसें और बछड़े

Update: 2026-02-24 08:08 GMT

 भीलवाड़ा (बीएचएन)। क्षेत्र के भोजपुरा गांव में पशु चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले दो शातिर बदमाशों को बागौर पुलिस ने दबोच लिया है। पुलिस ने इन आरोपितों को गंगापुर सब जेल से प्रोडक्शन वारंट के तहत गिरफ्तार किया है। ये दोनों आरोपी अन्य मामलों में पहले से ही जेल में बंद थे।

खेत पर बंधी भैंसों और बछड़ों को किया था चोरी 

सहायक उप निरीक्षक गणपत लाल ने बताया कि पशु चोरी की यह वारदात 27 जनवरी की रात को हुई थी। भोजपुरा निवासी नारायणी पत्नी राधेश्याम शर्मा ने अपनी दो भैंसें और तीन बछड़े खेत पर बने बाड़े में बांधे थे। रात के अंधेरे का फायदा उठाकर बेखौफ चोर वहां पहुंचे और सभी पांचों मवेशियों को चुराकर ले गए। पीड़िता ने अगले दिन थाने पहुंचकर मामला दर्ज कराया था।

जेल से गिरफ्तार, अब होगी बरामदगी

पुलिस की गहन तफ्तीश के बाद इस वारदात में मांडिया मंगरी निवासी काजू उर्फ अनमोल पुत्र हीरालाल बंजारा और कोशिथल निवासी हीरालाल सालवी पुत्र नगजीराम के नाम सामने आए। चूंकि दोनों आरोपी गंगापुर सब जेल में न्यायिक अभिरक्षा में थे, इसलिए पुलिस ने न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट हासिल कर उन्हें गिरफ्तार किया।

कड़ाई से पूछताछ जारी

पुलिस अब इन आरोपितों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि चोरी किए गए मवेशियों को बरामद किया जा सके। साथ ही, पुलिस को अंदेशा है कि पकड़े गए आरोपी क्षेत्र में सक्रिय पशु चोर गिरोह के सदस्य हो सकते हैं और इनसे अन्य वारदातों का खुलासा भी हो सकता है।

Similar News

होली से पहले मिलावटखोरों पर 'सर्जिकल स्ट्राइक':: खाद्य विभाग ने 3 स्थानों पर दी दबिश, 45 किलो अवधिपार सामग्री करवाई नष्ट