बीगोद: खेत के रास्ते को लेकर खूनी संघर्ष; फायरिंग में युवक के पैर में लगी गोली, जेसीबी में की तोड़फोड़
भीलवाड़ा(पुनीत )। जिले के बीगोद थाना क्षेत्र के रानीखेड़ा गांव में खेत के रास्ते के विवाद को लेकर रविवार रात को जमकर खूनी संघर्ष हुआ। पुरानी रंजिश के चलते हथियारों से लैस बदमाशों ने एक परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया और फायरिंग की, जिसमें एक युवक के पैर में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घात लगाकर किया जानलेवा हमला
थाने में दी गई रिपोर्ट के अनुसार, प्रार्थी रामेश्वर लाल जाट निवासी रानीखेड़ा ने बताया कि उनका पुत्र दिनेश, गांव के प्रहलाद और कैलाश जाट के साथ रविवार रात करीब 9 बजे अपनी जेसीबी मशीन लेकर स्वयं के खरीदे हुए खेत का रास्ता बनाने जा रहे थे। जब वे बनास नदी के पास रानीखेड़ा श्मशान घाट के निकट पहुंचे, तो वहां पहले से घात लगाकर बैठे इब्राहिम, मुन्ना खां, मूसा, कमरुद्दीन, कालु खां और अब्दुल्ला ने उन पर अचानक पत्थरों और हथियारों से हमला कर दिया।
युवक के पैर में लगी गोली, लाखों का नुकसान
आरोप है कि हमलावरों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग की, जिसमें एक गोली दिनेश (पुत्र रामेश्वर लाल जाट) के दाएं पैर में जा लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। इसके बाद बदमाशों ने जेसीबी मशीन के कांच तोड़कर भारी नुकसान पहुंचाया। इतना ही नहीं, हमलावरों ने प्रार्थी के खेत की मेड़ पर लगे करीब 50 सीमेंट के खंभे और तारबंदी भी नष्ट कर दी, जिससे लगभग 50,000 रुपये का नुकसान हुआ है।
जमीन हड़पने की नीयत और जान से मारने की धमकी
प्रार्थी का आरोप है कि आरोपी जबरन उनकी खातेदारी की जमीन को हड़पना चाहते हैं। वारदात के बाद जाते-जाते बदमाशों ने धमकी दी कि यदि दोबारा खेत पर आए तो जान से खत्म कर देंगे। फिलहाल पीड़ित पक्ष ने बीगोद थाना अधिकारी को नामजद रिपोर्ट सौंपकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा
फोन: 7737741455
