भीलवाड़ा: चांदी की कीमतों में फिर आया 'तूफान', 3 लाख के बेहद करीब पहुंचे दाम
भीलवाड़ा। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव ने वैश्विक अर्थव्यवस्था की नींव हिला दी है। युद्ध की आहट के बीच दुनिया भर के शेयर बाजारों में जहां हाहाकार मचा है, वहीं सुरक्षित निवेश के रूप में निवेशकों की पहली पसंद कीमती धातुएं बन गई हैं। इस भू-राजनीतिक अस्थिरता का सबसे बड़ा असर चांदी की कीमतों पर देखने को मिल रहा है, जो एक बार फिर रिकॉर्ड ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है।
भीलवाड़ा में चांदी 2.89 लाख के पार
स्थानीय सराफा बाजार में भी इस तेजी का गहरा असर दिखा। सोमवार को भीलवाड़ा में चांदी की कीमतों में जबरदस्त हलचल देखी गई और एक ही दिन में चांदी 10,000 रुपये प्रति किलो तक उछल गई। इस जोरदार बढ़ोतरी के बाद आज बाजार में चांदी 2,89,000 रुपये प्रति किलो के स्तर पर पहुंच गई है।
सोने की कीमतों में भी तेजी
चांदी के साथ-साथ सोने की कीमतों में भी तेजी का रुख बना हुआ है। आज भीलवाड़ा में सोना (प्रति 10 ग्राम) ₹171 बढ़कर ऊंचे स्तर पर पहुंच गया। क्रूड ऑयल और शेयर बाजार की अनिश्चितता ने एक बार फिर निवेशकों को सुरक्षित निवेश के लिए कीमती धातुओं की ओर धकेल दिया है।
एक ही दिन में 14 हजार का उछाल
सोमवार, 2 मार्च को कमोडिटी मार्केट खुलते ही चांदी की कीमतों में जबरदस्त हलचल देखी गई। बाजार खुलते ही चांदी में करीब 10,000 रुपये की तेजी दर्ज की गई। हालांकि, शुरुआती कारोबार के बाद कीमतों में मामूली नरमी आई और बढ़त 5,000 रुपये प्रति किलो पर टिकी रही। लेकिन दोपहर 1 बजे बाजार में अचानक एक बड़ा 'ब्लास्ट' हुआ और चांदी की कीमतें 14,000 रुपये प्रति किलो तक उछल गईं।
3 लाख के बेहद करीब चांदी
ताजा आंकड़ों के अनुसार, दोपहर 1 बजे 1 किलो चांदी का भाव 2,96,500 रुपये के स्तर पर पहुंच गया है। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि यदि वैश्विक हालात में सुधार नहीं हुआ और मांग इसी तरह बनी रही, तो चांदी बहुत जल्द 3 लाख रुपये प्रति किलो का मनोवैज्ञानिक स्तर पार कर जाएगी।
जनवरी में बना था ऐतिहासिक रिकॉर्ड
बता दें कि चांदी में इस तरह की 'तूफानी' तेजी पहली बार नहीं देखी गई है। इससे पहले इसी साल जनवरी के महीने में भी युद्ध की आशंकाओं और आर्थिक अस्थिरता के चलते चांदी ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए थे। उस दौरान चांदी की कीमतें 4 लाख रुपये प्रति किलो के ऐतिहासिक आंकड़े को भी पार कर गई थीं। वर्तमान में क्रूड ऑयल और शेयर बाजार की अनिश्चितता ने एक बार फिर निवेशकों को चांदी की ओर धकेल दिया है।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455
