पुलिस का एक्शन: बाड़े पर अवैध कब्जे को लेकर खूनी संघर्ष करने वाले आरोपी दबोचे
भीलवाड़ा BHN.जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह यादव के कड़े रुख के बाद अपराधियों में हड़कंप मचा है। पारोली थाना क्षेत्र के खेड़ी गांव में एक बाड़े पर अवैध कब्जे की नीयत से लाठी-सरियों से जानलेवा हमला करने वाले आरोपियों को पुलिस, डीएसटी और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया है।
क्या था मामला?
घटना 27 फरवरी 2026 की है, जब खेड़ी निवासी सुरेश कुमार धाकड़ के निजी बाड़े पर कब्जा करने की नीयत से शंकरदास और उसके साथियों ने लोहे के पाइप डालना शुरू कर दिया। जब सुरेश और उसके भाई राजू ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उन पर लाठियों और पाइपों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में पीड़ितों के सिर पर गंभीर चोटें आईं। आरोपियों ने न केवल मारपीट की, बल्कि इलाके में दहशत फैलाकर अवैध कब्जे का प्रयास भी किया।
पुलिस की घेराबंदी और गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी धर्मेंद्र सिंह यादव के निर्देशन और एएसपी राजेश आर्य के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। साइबर सेल और DST की मदद से पुलिस ने दबिश देकर मुख्य आरोपियों को धर दबोचा।
इन 2 आरोपितों की हुई गिरफ्तारी
ओमप्रकाश वैष्णव (35) पुत्र शंकर दास और कैलाश वैष्णव (39) पुत्र शंकर दास, निवासी खेड़ी के साथ ही, पुलिस ने इस प्रकरण में शामिल दो विधि से संघर्षरत बालकों को भी निरुद्ध कर बाल न्यायालय में पेश किया है।
ये थी कार्रवाई में शामिल टीम
इस सफल कार्रवाई में पारोली थानाधिकारी सियाराम, सउनि रामेश्वर, साइबर सेल के आशीष कुमार, अशोक कड़वा, दीपक कुमार, किशोर कुमार और DST के कमल तांडी व शंकर लाल की अहम भूमिका रही।
