सीकर और आसपास भूकंप के झटके, सुबह-सुबह थर्राई धरती

Update: 2026-03-07 07:05 GMT

सीकर/जयपुर। राजस्थान के सीकर जिले सहित आसपास के इलाकों में आज सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर इस भूकंप की तीव्रता 3.5 दर्ज की गई है। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार, भूकंप का केंद्र जयपुर से 69 किलोमीटर दूर उत्तर-पश्चिम दिशा में जमीन से करीब 5 किलोमीटर नीचे था।

सुबह 6:30 बजे महसूस हुआ कंपन

भूकंप आज सुबह करीब 6:30 बजे आया। गनीमत यह रही कि तीव्रता कम होने के कारण किसी भी प्रकार की जनहानि या माल के नुकसान की सूचना नहीं है। हालांकि, अचानक आए झटकों से लोग दहशत में आ गए और अपने घरों से बाहर निकल आए।

खिड़की-दरवाजे हिले, सुनाई दी अजीब आवाजें

सीकर जिले के खाटूश्यामजी, पलसाना, धींगपुर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में इसका सर्वाधिक असर देखा गया। पलसाना के निवासियों ने बताया कि झटके करीब एक से दो सेकंड तक महसूस हुए, जिससे घरों की खिड़कियां और दरवाजे हिलने लगे। वहीं, कुछ इलाकों में ग्रामीणों ने कंपन के साथ अजीबोगरीब आवाजें सुनाई देने का भी दावा किया है। विशेषज्ञों का मानना है कि कम गहराई पर केंद्र होने के कारण ऐसी आवाजें सुनाई दे सकती हैं।

Tags:    

Similar News