भैंस चोर गिरोह का पर्दाफाश, 4 गिरफ्तार, भीलवाड़ा सहित 3 जिलों में वारदातें कबूलीं, दिन में भैंस खरीदने के बहाने करते थे रेकी

Update: 2026-02-17 13:56 GMT

 भीलवाड़ा (बीएचएन)। भीलवाड़ा की गंगापुर थाना पुलिस और डीएसटी टीम ने पशु चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाते हुए एक शातिर गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने भीलवाड़ा, राजसमंद और चित्तौडग़ढ़ जिलों के विभिन्न गांवों से भैंसें चोरी करने की आधा दर्जन से अधिक वारदातें स्वीकार की हैं।

इन वारदातों का हुआ खुलासा

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने भोजपुरा (बागोर) से 6 भैंसें, जिलोला (राजसमंद) से 2 भैंसें और कुरज (राजसमंद) से 3 भैंसें चोरी की थीं। इसके अलावा गिरोह ने पुर थाना क्षेत्र और चित्तौडग़ढ़ जिले में भी चोरी के प्रयास करना कबूल किया है।

रेकी और वारदात का तरीका

गिरोह के सदस्य दिन के समय भैंस खरीदने के बहाने गांवों और बाड़ों की रेकी करते थे। रात के समय पिकअप और टेम्पो लेकर 5-6 लोगों का समूह बनाकर बाड़ों से पशु चोरी करते थे।

हरिपुरा निवासी रोशन जाट के बाड़े से 21 जनवरी को चोरी हुई 3.60 लाख रुपये की भैंसों के मामले में भी इनकी संलिप्तता पाई गई है।

ये आरोपित हुये गिरफ्तार

नाना लाल बंजारा (25) पुत्र नैना बंजारा निवासी कालाभाटा, गंगापुर, काजू (18) पुत्र बिहारीलाल बंजारा निवासी माण्डिया मंगरी, शैतान बंजारा (23) पुत्र गोमाराम बंजारा निवासी कालाभाटा व हीरा लाल (19) पुत्र नगजीराम निवासी कोशिथल, रायपुर।

ये थे टीम में शामिल

पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देशानुसार गठित इस टीम में गंगापुर थानाधिकारी लीलाधर मालवीय, सहायक उप निरीक्षक रज्जाक मोहम्मद और साइबर सेल की मुख्य भूमिका रही।

Similar News