अवैध बजरी खनन और स्टॉक पर कार्रवाई:: कोटड़ी और बीगोद में जेसीबी सहित डंपर व ट्रैक्टर जब्त
भीलवाड़ा बीएचएन । जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिला विशेष टीम (डीएसटी) ने अवैध बजरी खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में डीएसटी ने कोटड़ी और बीगोद थाना क्षेत्रों में दबिश देकर अवैध कार्यों में लिप्त वाहनों को जब्त किया है।
सालरिया में स्टॉक से भरते धरा गया डंपर
एसपी के आदेश पर विशेष निगरानी रख रही डीएसटी टीम को कोटड़ी थाना क्षेत्र के सालरिया (भीलों का झोपड़ा) में अवैध बजरी स्टॉक की सूचना मिली। मौके पर डंपर में बजरी भरी जा रही थी, जिसे टीम ने घेराबंदी कर रुकवाया। कार्रवाई के दौरान एक जेसीबी और एक डंपर को डिटेन किया गया। मामले की सूचना कोटड़ी थाना प्रभारी को दी गई।
माली खेड़ा में अवैध खनन पर छापेमारी
वहीं, बीगोद थाना क्षेत्र के माली खेड़ा गांव में भी डीएसटी ने कार्रवाई को अंजाम दिया। यहाँ अवैध बजरी खनन करते हुए एक जेसीबी और 3 ट्रैक्टर-ट्रॉली को डिटेन किया गया। कार्रवाई के बारे में बीगोद थाना प्रभारी को सूचित किया गया है। एसपी के निर्देशन में हुई इस प्रभावी कार्रवाई से बजरी माफियाओं में हडक़ंप मच गया है।