गणतंत्र दिवस पर आनंदपुर में फैक्ट्री में लगी भीषण आग, अब तक 7 की मौत

Update: 2026-01-26 16:25 GMT

 

 


कोलकाता। महानगर के आनंदपुर इलाके के नाजीराबाद क्षेत्र में गणतंत्र दिवस की सुबह लगी भीषण आग ने पूरे शहर को दहला दिया। यहां एक प्रसिद्ध मोमो चेन के कारखाने और गोदाम के साथ एक डेकोरेटर के स्टोर में आग भड़क उठी, जो देखते ही देखते विकराल रूप लेती चली गई। करीब पंद्रह घंटे तक लगातार प्रयास के बावजूद दमकलकर्मी आग पर पूरी तरह काबू नहीं पा सके।

प्रशासन ने अब तक सात लोगों की मौत की पुष्टि की है, जबकि बीस कर्मचारियों के लापता होने की सूचना है। उनके परिजनों ने स्थानीय थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। सोमवार तड़के लगी इस आग को बुझाने के लिए दमकल विभाग की बारह गाड़ियां मौके पर डटी हुई हैं। गोदामों में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि लपटें इतनी भयावह थीं कि अंदर मौजूद लोगों को निकलने का अवसर तक नहीं मिला। पुलिस सूत्रों के अनुसार, बरामद किए गए शव बुरी तरह झुलस चुके हैं, जिससे पहचान कर पाना बेहद मुश्किल हो रहा है। मलबा हटाने के लिए जेसीबी मशीनों के साथ रोबोटिक कैमरों की भी मदद ली जा रही है।

इस हादसे के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। लापता कर्मचारी पंकज हलदार के परिजनों का कहना है कि तड़के करीब साढ़े तीन बजे पंकज ने फोन पर बताया था कि फैक्ट्री का मुख्य गेट बाहर से बंद है और अंदर फंसे कर्मचारी दीवार तोड़कर बाहर निकलने की कोशिश कर रहे हैं। पुलिस ने इन आरोपों की जांच शुरू कर दी है। यदि यह बात सही पाई गई तो फैक्ट्री मालिकों पर गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया जाएगा। मुख्यमंत्री कार्यालय भी पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।

जानकारी के अनुसार रविवार रात फैक्ट्री में नाइट शिफ्ट चल रही थी। सोमवार तड़के करीब तीन बजे अचानक आग भड़क उठी। परिसर में रखे पाम आयल और रसोई गैस सिलेंडरों के कारण आग और भयानक हो गई, जिससे कई धमाके भी सुनाई दिए। संकरी गलियों और घने धुएं के कारण बचाव कार्य में काफी दिक्कतें आ रही हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि गोदाम में अग्निशमन की समुचित व्यवस्था नहीं थी।

इसी दिन शहर के मल्लिक बाजार इलाके में भी चार मंजिला इमारत में आग लगने से अफरा तफरी मच गई। यह इमारत घनी आबादी वाले क्षेत्र में स्थित है। दमकल की तीन गाड़ियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। संकरी गलियों के चलते दमकलकर्मियों को पड़ोसी इमारत की छत से पानी की बौछार करनी पड़ी। एहतियातन पूरी इमारत और आसपास के मकानों को खाली करा लिया गया। शुरुआती तौर पर आग का कारण शार्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि जांच अभी जारी है। इस घटना में फिलहाल किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

ऐसी ही जनहित से जुड़ी खबरों से जुड़े रहने और समाचार पाने के लिए भीलवाड़ा हलचल के साथ जुड़े रहें। आपके क्षेत्र की समस्या के साथ ही अन्य समाचार भेजें 9829041455 पर। भीलवाडा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए समाचार प्रेम कुमार गढवाल Email - bhilwarahalchal@gmail.com

व्हाट्सएप - 9829041455 विज्ञापन - विजय गढवाल 6377364129 सम्पर्क - भीलवाडा हलचल कलेक्ट्री रोड,नई शाम की सब्जी मंडी भीलवाडा

Similar News

जिले में दो हादसों में दो किसानों की मौत: कुएं में गिरने और कीटनाशक गैस के असर से गई जान, गांवों में शोक