कलंक: भाजपा नेता को जहरीला इंजेक्शन देकर मार डाला
संभल के दबथरा हिमंचल गांव में मेहमान बनकर आए बाइक सवार तीन लोगों ने भाजपा के वरिष्ठ नेता व प्रधान पति गुलफाम सिंह यादव (66) की पेट में जहरीला इंजेक्शन मार कर हत्या कर दी। पुलिस को मौके से हत्यारों का हेलमेट और सिरिंज की निडिल मिली है। फोरेंसिक टीम ने नमूने लिए हैं।
गुलफाम सिंह ने कई वर्ष पहले लेखपाल का पद त्याग कर पूर्व सीएम मुलायम सिंह यादव के मुकाबले पर वर्ष 2004 में गुन्नौर विधानसभा से भाजपा से चुनाव लड़ा था। वह भाजपा में संभल विधानसभा क्षेत्र प्रभारी के पद पर थे। सोमवार दोपहर करीब एक बजे गुलफाम सिंह पशुओं की देखभाल के लिए घेर में आराम कर रहे थे। उसी समय बाइक से तीन लोग पहुंचे और उनसे दुआ सलाम करने के बाद कुर्सी पर बैठ गए। गुलफाम ने तीनों का हालचाल लिया और पानी भी पिलाया।
इसके बाद गुलफाम सिंह चारपाई पर लेट गए। तभी एक युवक ने इंजेक्शन निकाल कर उनके पेट पर घोंप दिया। इसके बाद तीनों भाग निकले। जल्दबाजी में हत्यारोपी अपना हेलमेट मौके पर ही छोड़ गए। हमलावर घेर के बाहर इंजेक्शन की सिरिंज का निडिल कवर फेंक गए।
हमलावरों के जाने के बाद गुलफाम सिंह ने घेर से बाहर आकर आंगनबाड़ी केंद्र पर कार्य कर रहे मजदूरों को जानकारी दी। मजदूरों ने भाजपा नेता को निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया। चिकित्सक ने अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। परिजन उन्हें अलीगढ़ अस्पताल ले गए, लेकिन इलाज से पहले ही उनकी मौत हो गई।