कांग्रेस और वाम दलों में बढ़ी हलचल: केरल पंचायत चुनाव में भाजपा ने वार्ड से सोनिया गांधी को बनाया उम्मीदवार

Update: 2025-12-03 04:54 GMT

भाजपा की ओर से चुनाव लड़ रही सोनिया गांधी वीडियोAI

 



केरल के आगामी पंचायत चुनाव में भाजपा ने ऐसा दांव चला है जिसने प्रदेश की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है। मुन्नार के नल्लाथन्नी वार्ड से भाजपा ने जिस उम्मीदवार को टिकट दिया है, उनका नाम सोनिया गांधी है। यह नाम सामने आते ही कांग्रेस खेमे में बेचैनी बढ़ गई है और स्थानीय स्तर पर इस फैसले ने चुनावी समीकरणों को पूरी तरह बदल दिया है।

कौन हैं भाजपा की सोनिया गांधी

नल्लाथन्नी वार्ड नंबर 16 से भाजपा की ओर से चुनाव लड़ रही सोनिया गांधी तीस वर्षीय स्थानीय महिला हैं। उनका जन्म दिवंगत दुरे राज के घर हुआ था जो मजदूर थे और कांग्रेस समर्थक भी। कांग्रेस के प्रति सम्मान के चलते ही उन्होंने अपनी बेटी का नाम सोनिया गांधी रखा था। बचपन से दुकान में काम करने वाली सोनिया की विचारधारा शादी के बाद बदली और उन्होंने भाजपा का साथ अपना लिया।


 

 


पति भी सक्रिय कार्यकर्ता

सोनिया के पति सुभाष भाजपा से जुड़े हुए हैं और मुन्नार पंचायत में पार्टी के महासचिव के रूप में काम कर रहे हैं। पति की राजनीतिक भूमिका ने ही सोनिया को भाजपा की सदस्यता लेने और चुनाव मैदान में उतरने के लिए प्रेरित किया।

पहला चुनाव और सीधा मुकाबला

यह सोनिया गांधी के जीवन का पहला चुनाव है और भाजपा ने बड़ी रणनीति के तहत उन्हें मैदान में उतारा है। उनका मुकाबला कांग्रेस की मंजुला रमेश और सीपीआई एम की वलारमती से होगा। स्थानीय स्तर पर यह चुनाव अब बेहद दिलचस्प हो चुका है क्योंकि नाम की वजह से भाजपा को अप्रत्याशित बढ़त मिलने की संभावना जताई जा रही है।

नल्लाथन्नी इलाके में चुनावी माहौल गर्म है और लोग भाजपा के इस कदम को राजनीतिक चालाकी और रणनीतिक प्रयोग के रूप में देख रहे हैं। यह चुनाव नतीजे बताएंगे कि नाम की चमक क्या भाजपा को जीत दिला पाएगी या नहीं।

Tags:    

Similar News