अयोध्या। पूराकलंदर थाना क्षेत्र के पगलाभारी गांव में गुरुवार शाम बड़ा हादसा हो गया। गांव निवासी **रामकुमार गुप्त के पुराने मकान में भीषण धमाका** होने से पूरा मकान पलभर में मलबे में तब्दील हो गया। हादसे में दो बच्चों समेत पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है।
विस्फोट के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस व प्रशासन को सूचना दी। मौके पर **जिलाधिकारी निखिल टी. फुंडे और एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर** भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू करवाया। मलबा हटाने का काम तेजी से जारी है।
गौरतलब है कि **13 अप्रैल 2024 को भी इसी मकान में बड़ा धमाका** हुआ था। उस समय हादसे में रामकुमार की मां शिवपती, पत्नी बिंदु और एक बच्चे की मौत हो गई थी। उस घटना के बाद रामकुमार ने साली से विवाह कर गांव के बाहर नया मकान बनवा लिया था और वहीं रहने लगे थे। पुराना मकान बंद पड़ा था।
गुरुवार शाम करीब सात बजे अचानक एक बार फिर पुराने मकान में जोरदार धमाका हुआ। मकान में मौजूद रहे दो बच्चों समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। सभी को बाहर निकाला गया लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
धमाके के कारणों की जांच के लिए पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर मौजूद है। **प्रारंभिक जांच में सिलेंडर ब्लास्ट या आतिशबाजी सामग्री से विस्फोट की आशंका जताई जा रही है।** प्रशासन ने पूरे क्षेत्र को सील कर दिया है।
👉
