पीएनबी में करोड़ों के घोटाले का आरोपी मेहुल चोकसी बेल्जियम में गिरफ्तार , लायेगे भारत

ब्रसेल्स। भारत में 13,850 करोड़ रुपए का पीएनबी घोटाला कर भागे मेहुल चोकसी को बेल्जियम में गिरफ्तार कर लिया गया है। ईडी सूत्रों के हवाले से समाचार एजेंसी एएनआई ने यह जानकारी दी है।
अब तक की खबर के मुताबिक, भारत सरकार की अपील पर बेल्जियम पुलिस ने 65 साल के चोकसी को गिरफ्तार किया है। भारत में सीबीआई और ईडी उसके खिलाफ जांच कर रहे हैं। खासतौर पर भगौड़े अपराधी की गिरफ्तारी के लिए सीबीआई लंबे समय से प्रयास कर रही थी।मुंबई की कोर्ट के वारंट पर हुई गिरफ्तारी
बेल्जियम पुलिस ने चोकसी को गिरफ्तार करते समय मुंबई की अदालत द्वारा उसके खिलाफ जारी किए गए दो ओपन-एंडेड गिरफ्तारी वारंट का हवाला दिया। ये वारंट 23 मई 2018 और 15 जून 2021 को जारी हुए थे।
आशंका है कि अब वह खराब स्वास्थ्य और अन्य कारणों का हवाला देते हुए जमानत और तत्काल रिहाई की मांग करेगा।
ये है पीएनबी घोटाला
13,850 करोड़ रुपए के पीएनबी घोटाले में मेहुल चोकसी के साथ ही उसका भतीजा नीरव मोदी भी आरोपी है। नीरव मोदी लंदन में है और भारत सरकार उसके प्रत्यर्पण की भी कोशिश कर रही है। दोनों सीबीआई और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा 2018 में बैंक से धोखाधड़ी करने के आरोप में वांछित है।
उन्होंने कथित तौर पर मुंबई में बैंक की ब्रैडी हाउस शाखा के अधिकारियों को रिश्वत देकर लेटर ऑफ अंडरटेकिंग (LoU) और विदेशी ऋण पत्र (FLC) का इस्तेमाल किया। वे देश के दूसरे सबसे बड़े बैंक - PNB में घोटाले के सामने आने से कुछ हफ्ते पहले जनवरी 2018 में भारत से भाग गए थे।