प्रशासन ने ढहाया जयपुर के चाकूबाज नसीब का घर: RSS कार्यकर्ताओं को चाकू घोंपने वाले का घर ढहाया

By :  vijay
Update: 2024-10-20 15:25 GMT


जयपुर के चाकूबाज नसीब चौधरी के घर को प्रशासन ने जमींदोज कर दिया है। जयपुर में पिछले दिनों एक धार्मिक आयोजन के दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कम से कम 8 कार्यकर्ताओं पर कथित तौर पर हमला हुआ था। उसके बाद कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। अभी प्रशासन ने कथित रूप से घटना के मुख्य आरोपी नसीब चौधरी के घर को गिरा दिया है।

  बताया जाता है कि जयपुर विकास प्राधिकरण की तरफ से नसीब चौधरी के खिलाफ अवैध कब्जा हटाने का नोटिस जारी हुआ। जयपुर विकास प्राधिकरण ने नोटिस के बाद अब अवैध कब्जे को हटाने की कार्रवाई की है, जिसमें नसीब चौधरी के घर को ढहा दिया गया है।

 

ये थी घटना 

17 अक्टूबर की रात को जयपुर के रजनी विहार इलाके में RSS कार्यकर्ताओं ने शरद पूर्णिमा के अवसर पर खीर वितरण कार्यक्रम रखा था। इसी बीच चाकू और डंडे लिए कुछ अज्ञात लोगों ने RSS कार्यकर्ताओं पर हमला कर दिया। बताया जाता है कि जब आरएसएस कार्यकर्ता आयोजन में व्यस्त थे। दो स्थानीय लोगों ने भीड़भाड़ और लगातार शोर पर आपत्ति जताई, जिसके कारण RSS सदस्यों और दो व्यक्तियों के बीच कहासुनी हो गई। बाद में उन्होंने कुछ और लोगों को भी बुला लिया और RSS कार्यकर्ताओं पर हमला कर दिया।

तकरीबन 8 कार्यकर्ता इस घटना में घायल हो गए, जिन्हें बाद में अस्पताल में भर्ती कराया गया। राजस्थान सरकार में कैबिनेट मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौर, विधायक गोपाल शर्मा समेत कई लोगों ने अस्पताल जाकर घायलों का हालचाल जाना था। घटना को लेकर जयपुर के एसीपी कुंवर राष्ट्रदीप ने अपने बयान में कहा, 'मंदिर में जागरण और प्रसाद वितरण के दौरान बगल में रहने वाले नसीब चौधरी नामक व्यक्ति और उसके बेटे ने वहां मौजूद लोगों पर चाकू और लाठियों से हमला किया, दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।'जयपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ  के 10 कार्यकर्ताओं को चाकू घोंपने वाले के घर पर आज बुलडोजर चलाया गया। जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) की ओर से अवैध निर्माण को ढहाया गया। रजनी विहार में बाप-बेटे ने मंदिर में जागरण कर रहे आरएसएस कार्यकर्ताओं पर हमला कर दिया था।

 

Similar News