संजय नगर बस्ती में सजेगा ‘विराट हिंदू सम्मेलन’ का भव्य मंच, भूमि पूजन व ध्वज स्थापना के साथ तैयारियों का शुभारंभ

Update: 2026-01-23 05:16 GMT

भीलवाड़ा BHN.राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले ‘विराट हिंदू सम्मेलन’ की तैयारियाँ अब अपने अंतिम चरण की ओर बढ़ रही हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को संजय नगर बस्ती स्थित सारस्वत समाज के नोहरे में भव्य ध्वज स्थापना एवं भूमि पूजन का आयोजन विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुआ।

बस्ती में दिखा उत्सव का माहौल

भूमि पूजन के अवसर पर संजय नगर बस्ती के नागरिकों, क्षेत्रवासियों एवं स्वयंसेवकों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। जैसे ही केसरिया धर्म ध्वज फहराया गया, पूरा क्षेत्र “जय श्रीराम” के नारों से गूंज उठा। उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने इसे क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया।

25 जनवरी को होगा विराट सनातनी समागम

आयोजन समिति ने जानकारी दी कि आगामी 25 जनवरी को आयोजित होने वाले इस विराट सम्मेलन में हजारों की संख्या में सनातनी समाज के लोग भाग लेंगे। संजय नगर एवं आसपास की बस्तियों में आयोजन को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है। स्थानीय युवा टोलियाँ घर-घर जाकर पीले चावल वितरित कर आमंत्रण दे रही हैं।

तैयारियाँ युद्ध स्तर पर

भूमि पूजन के साथ ही कार्यक्रम स्थल पर भव्य पांडाल, मंच निर्माण, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा एवं पेयजल सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। आयोजन को सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने हेतु अलग-अलग जिम्मेदारियाँ तय की गई हैं।

आयोजन समिति की अपील

विराट हिंदू सम्मेलन आयोजन समिति ने संजय नगर सहित समूचे भीलवाड़ा शहर के सनातनी बंधुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में 25 जनवरी को उपस्थित होकर एकता और सांस्कृतिक चेतना का परिचय दें।

मीडिया प्रभारी आशीष पाराशर ने बताया कि इस अवसर पर कार्यक्रम संयोजक खुशबू शुक्ला, प्रहलाद गर्ग, निर्मल नागर, संजय नगर बस्ती अध्यक्ष सत्यनारायण ओझा, रामगोपाल वैष्णव, रमेश भट्ट, प्रहलाद त्रिपाठी, ललित व्यास, कोषाध्यक्ष धीरज अग्रवाल, मंत्री रामपाल, सागर पाण्डे, किशन लोहार, भवानी शंकर वैष्णव, हरदेव कुमावत, अनुपमा मंत्री, साधना सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Similar News