बाल विवाह के खिलाफ बच्चों ने ली शपथ, स्कूलों में गूंजा जागरूकता का संदेश
भीलवाड़ा BHN 100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जिले के विद्यालयों में बाल विवाह जैसी सामाजिक बुराई के खिलाफ सशक्त अभियान चलाया गया। बाल अधिकारिता विभाग एवं जिला बाल संरक्षण इकाई के सहायक निदेशक धर्मराज प्रतिहार के निर्देशानुसार महात्मा गांधी राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय शाह जी मोहल्ला तथा महात्मा गांधी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पुराना भीलवाड़ा में विशेष जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को बताया गया कि बाल विवाह न केवल गैर कानूनी है बल्कि यह बालिकाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य और सर्वांगीण विकास में बड़ी बाधा बनता है। वक्ताओं ने कहा कि यह प्रथा बच्चों के सपनों को कुचल देती है और समाज की प्रगति को पीछे धकेलती है। बच्चों से आह्वान किया गया कि वे स्वयं आगे आएं, बाल विवाह का विरोध करें और जरूरत पड़ने पर इसकी सूचना प्रशासन तक पहुंचाएं।
विद्यालय परिसरों में बच्चों को बाल विवाह रोकथाम की शपथ दिलाई गई। चर्चा के दौरान बाल अधिकार, बालिका शिक्षा और कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बाल विवाह कराने या उसमें शामिल होने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई हो सकती है और दोषी पाए जाने पर दो वर्ष तक की सजा का प्रावधान है।
इस जागरूकता गतिविधि में जिला बाल संरक्षण इकाई की संरक्षण अधिकारी अनुराधा तोलंबिया, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के सुपरवाइजर राधेश्याम गुर्जर, केस वर्कर शिवराज खटीक एवं सुमन साहू ने बच्चों और शिक्षकों को विस्तार से जानकारी दी। बताया गया कि बाल विवाह की सूचना चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर दी जा सकती है और सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है।
कार्यक्रम में विद्यालय प्रधानाचार्य सुशील खावया, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र छात्राओं ने भाग लिया और बाल विवाह के खिलाफ समाज को जागरूक करने का संकल्प लिया।
