विद्यालयों में मेगा पीटीएम, अभिभावकों से शिक्षा में भागीदारी की अपील

Update: 2026-01-23 13:23 GMT

 सवाईपुर सांवर वैष्णव। राजस्थान शिक्षा विभाग की पहल पर बसंत पंचमी के अवसर पर शुक्रवार को सभी राजकीय विद्यालयों में एक साथ मेगा पीटीएम का आयोजन किया गया। इसके तहत पीईईओ स्तर के विद्यालयों में निपुण मेले भी लगाए गए, जिनका उद्देश्य विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति, गतिविधियों और समग्र विकास से अभिभावकों को अवगत कराना रहा।

सवाईपुर कस्बे सहित सोपुरा, सालरिया, ढ़ेलाणा, बड़ला, खरेड़, बनकाखेड़ा, चावंडिया, रेड़वास, जित्यास, नोहरा, कालिरडिया, कुड़ी, बोरखेड़ा, बोर्डियास, खजीना, कांदा, पिथास, सोलंकिया का खेड़ा समेत अनेक गांवों के विद्यालयों में कार्यक्रम उत्साहपूर्वक आयोजित हुआ।

सवाईपुर के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में हुए मुख्य आयोजन में सहायक निदेशक राजस्थान प्रारंभिक शिक्षा बीकानेर एवं भीलवाड़ा जिला प्रभारी मोहनलाल जीनगर ने निरीक्षण किया। विद्यालय परिसर में मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। अतिथियों का स्वागत व सम्मान वाइस प्रिंसिपल राजेंद्र मार्ग, भागचंद जैन, पूर्व सरपंच अमरचंद गाड़री, समाजसेवी शांतिलाल आचार्य, श्याम सुंदर श्रोत्रिय और रामकुमार जाट ने किया। प्रधानाचार्या डॉ. प्रतिष्ठा ठाकुर ने अतिथियों का अभिनंदन करते हुए विद्यालय की गतिविधियों की जानकारी दी।

जिला प्रभारी जीनगर ने विद्यालय में किए गए शैक्षणिक नवाचारों की सराहना करते हुए कहा कि मेगा पीटीएम से अभिभावक और शिक्षक के बीच संवाद मजबूत होता है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई के साथ विद्यालय के सर्वांगीण विकास में सहयोग करने की अपील की। विद्यार्थियों ने अपने अभिभावकों का तिलक लगाकर स्वागत किया, वहीं कार्यक्रम के दौरान मिठाई भी वितरित की गई।

इसके बाद अधिकारियों ने विद्यालय परिसर का निरीक्षण किया और छात्र छात्राओं से संवाद कर उनकी पढ़ाई व गतिविधियों की जानकारी ली। मंच संचालन अमृता शर्मा ने किया और अंत में प्रधानाचार्या डॉ. प्रतिष्ठा ठाकुर ने सभी आगंतुकों का आभार जताया। कार्यक्रम में अशोक कुमार पोरवाल, सत्य प्रकाश भारद्वाज, पदमा सुखवाल, सुनीता साहू, शारदा सुखवाल, महेंद्र कुमार, मनोज कुमार, प्रफुल्ल कुमार, अंजली शर्मा, अपर्णा सैनी सहित समस्त स्टाफ मौजूद रहा।

Similar News