समेलिया महादेव में जांगिड़ ब्राह्मण समाज की चौखला पंच बैठक, विवाह और सामाजिक परंपराओं को लेकर लिए अहम फैसले

Update: 2026-02-02 12:40 GMT

 संगेसरा। समेलिया महादेव स्थल स्थित जांगिड़ ब्राह्मण सुथार समाज की सराय में रविवार को चौखला पंचों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में समाज के पंचों, प्रतिनिधियों और प्रबुद्धजनों की मौजूदगी में समाजहित से जुड़े कई निर्णय सर्वसम्मति से पारित किए गए।

बैठक में तय किया गया कि विवाह समारोह में अब केवल दो तोला सोना और पांच सौ ग्राम चांदी के आभूषण ही मान्य होंगे। विवाह और अन्य कार्यक्रमों में डीजे तथा बैंड पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। इसके साथ ही दूल्हे द्वारा दाढ़ी रखने की परंपरा को भी अस्वीकार्य माना गया है।

समाज के युवक युवतियों का विवाह गैर समाज में नहीं करने का भी निर्णय लिया गया। मृत्यभोज से संबंधित नियमों में बदलाव करते हुए तय किया गया कि केवल एक मिठाई और धोवरा नानेरा दादेरा तथा ससुराल पक्ष का ही मान्य रहेगा जबकि अन्य पक्ष का लिफाफा स्वीकार किया जाएगा। इसके अलावा लेण यानी बर्तन और कंबल शॉल वितरण की परंपरा भी समाप्त कर दी गई है।

बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि जाजम पर नशे या धूम्रपान से जुड़ी किसी भी सामग्री का वितरण नहीं होगा। पीहर गौरणी में कपड़े लाने की प्रथा को भी बंद करने का फैसला लिया गया। सगाई या विवाह संबंध विच्छेद की स्थिति में कानूनी कार्रवाई से पहले समाज के पंचों और प्रबुद्धजनों के समक्ष निर्णय कराने पर सहमति बनी।

समाज के लोगों ने कहा कि इन फैसलों से फिजूलखर्ची पर अंकुश लगेगा और सामाजिक समरसता को मजबूती मिलेगी। सभी निर्णयों को तत्काल प्रभाव से लागू करने पर सहमति जताई गई।

Similar News