गौ सेवा में ही परम सुख संत दिग्विजय राम का माधव गौशाला में भव्य स्वागत, घुमंतू छात्रावास का भी किया अवलोकन

Update: 2026-02-03 13:14 GMT

 भीलवाड़ा  । चित्तौड़गढ़ रामद्वारा के रामस्नेही संप्रदाय के प्रतिष्ठित संत एवं ओजस्वी वक्ता संत दिग्विजय राम का नौगांवा स्थित माधव गौशाला और सांवरिया सेठ मंदिर में आगमन हुआ। इस अवसर पर गौशाला परिवार और श्रद्धालुओं ने संत श्री का आत्मीय स्वागत किया तथा आशीर्वाद प्राप्त किया।

अल्प प्रवास के दौरान संत दिग्विजय राम ने गौशाला की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया और स्वयं गौ वंश को गुड़ व लापसी खिलाकर सेवा की। गौशाला में चल रहे सेवा कार्यों को देखकर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की और भविष्य में यहां गौ कथा आयोजन की सहमति भी प्रदान की।

संत श्री ने गौशाला की डायरी में संदेश लिखते हुए कहा कि गौ माता की सेवा में जो सुख है, वह संसार के किसी अन्य कार्य में नहीं मिलता। उन्होंने परम पूज्य गौ विज्ञान अनुसंधान संस्थान द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए प्रार्थना की कि सांवरिया सेठ की कृपा से यह सेवा निरंतर आगे बढ़ती रहे और गौ सेवकों को जन कल्याण के लिए शक्ति मिले।

मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष ने बताया कि संत के आगमन से गौशाला कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है और उनके विचारों ने यह संदेश दिया कि गौ सेवा केवल दायित्व नहीं बल्कि आत्मिक शांति का मार्ग है। इस दौरान संत को सांवरिया सेठ की तस्वीर भेंट की गई। ट्रस्ट के पदाधिकारी और गणमान्यजन भी मौजूद रहे।

माधव गौशाला के अवलोकन के बाद संत दिग्विजय राम ने श्री केशव स्मृति सेवा प्रन्यास द्वारा संचालित गुरु श्री कानिफनाथ घुमंतू छात्रावास अंबेडकर नगर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों की गतिविधियों की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए परोपकार की बड़ी सेवा बताया। जानकारी दी गई कि 7 फरवरी को अग्रवाल उत्सव भवन में आयोजित भागवत कथा के दौरान छात्रावास के बच्चों के कल्याण के लिए विशेष प्रवचन होंगे तथा सहयोग राशि भी एकत्र की जाएगी।

Similar News