आंगनबाड़ी केन्द्रों पर मनाया शक्ति दिवस, बच्चों को पिलाई आयरन सिरप

Update: 2026-02-10 09:24 GMT

 भीलवाड़ा । चिकित्सा विभाग ने जिले के आंगनबाड़ी केन्द्रों पर मंगलवार को शक्ति दिवस का आयोजन किया। इस अवसर पर बच्चों को आयरन सिरप पिलाई गई और गर्भवती महिलाओं को ‘गर्भ की पाठशाला’ यूट्यूब चैनल के माध्यम से स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि अतिरिक्त मिशन निदेशक एवं निदेशक आईईसी के निर्देशन में चैनल शुरू किया गया है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से इसका व्यापक प्रचार किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक गर्भवती महिलाएं समय पर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठा सकें।

डीपीसी-आईईसी अशोक कुमार प्रजापत एवं डीपीसी-आशा बलबीर ने आंगनबाड़ी केन्द्र सुवाणा-द्वितीय का निरीक्षण किया। निरीक्षण में बच्चों को आयरन सिरप पिलाई गई और आशा बहनों को निर्देश दिए गए कि वे चैनल के माध्यम से गर्भवती महिलाओं तक स्वास्थ्य सुरक्षा संबंधी जानकारी पहुंचाएं।

‘गर्भ की पाठशाला’ चैनल के माध्यम से गर्भावस्था, पोषण, एनीमिया प्रबंधन, सुरक्षित प्रसव, स्तनपान, नवजात शिशु देखभाल और कंगारू मदर केयर जैसी जानकारियां सरल भाषा में उपलब्ध कराई जा रही हैं।

चिकित्सा विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे इस चैनल से जुड़कर स्वयं और अपने परिवार की स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करें।

Similar News