धुलखेड़ा ओवरब्रिज के पास तेज रफ्तार ट्रक ने ली बुजुर्ग की जान, चालक फरार, पुलिस तलाश में

Update: 2026-02-10 09:33 GMT

 भीलवाड़ा, पुनीत ।  मांडल थाना क्षेत्र के धुलखेड़ा ओवरब्रिज के समीप मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोपेड सवार बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक की पहचान बदरू बेग पुत्र नूर बेग उम्र 60 वर्ष निवासी धुलखेड़ा के रूप में हुई है। तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से उनकी मोपेड को टक्कर मार दी, जिससे वे सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार बदरू बेग सुबह करीब 8.30 से 9 बजे के बीच पुर क्षेत्र में अपने एक रिश्तेदार से मिलकर मोपेड से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान धुलखेड़ा ओवरब्रिज के पास पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी मोपेड को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बुजुर्ग सड़क पर दूर जा गिरे। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें संभाला और एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वहां ड्यूटी डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से वाहन लेकर फरार हो गया। सूचना मिलने पर मांडल थाना पुलिस जिला अस्पताल की मोर्चरी पहुंची और परिजनों की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम करवाया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

पुलिस ने मृतक के परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है । हादसे के बाद धुलखेड़ा गांव में शोक की लहर फैल गई।  

Similar News