पीएम श्री राजकीय बालिका विद्यालय बापू नगर में आत्मरक्षा प्रशिक्षण

Update: 2026-02-10 12:41 GMT

 भीलवाड़ा। पीएम श्री राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय बापू नगर में पीएम श्री गतिविधियों के अंतर्गत जेंडर इक्वलिटी कार्यक्रम के तहत चल रहे आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर के अंतिम सप्ताह में छात्राओं को व्यवहारिक रूप से सुरक्षा के गुर सिखाए गए। इस अवसर पर भीलवाड़ा की कालिका पेट्रोलिंग की कमांडो राजकुमारी चौधरी ने छात्राओं को विभिन्न परिस्थितियों में स्वयं की रक्षा करने के तरीके बताए और मौके पर ही अभ्यास करवाया।

विद्यालय की संस्था प्रधान सुनीता नानकानी ने बताया कि चार सप्ताह तक चले इस विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में आत्मविश्वास, साहस और सजगता विकसित करना है। अंतिम सप्ताह में राजकुमारी चौधरी ने छात्राओं को समझाया कि संकट की घड़ी में घबराने के बजाय संयम कैसे रखें और अपने आसपास उपलब्ध सामान्य वस्तुओं का उपयोग किस तरह आत्मरक्षा के हथियार के रूप में किया जा सकता है। उन्होंने सड़क, सार्वजनिक स्थान और घर के आसपास संभावित खतरों से बचने के उपायों का भी प्रदर्शन किया।

शारीरिक शिक्षिका एवं आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर की प्रभारी पुष्पा अग्रवाल ने कहा कि इस प्रशिक्षण से छात्राओं में मानसिक और शारीरिक मजबूती आएगी और वे भविष्य में आने वाली किसी भी विकट परिस्थिति का सामना करने के लिए स्वयं को तैयार कर सकेंगी।

कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता एम कोडिश ने किया। विद्यालय परिवार ने इस पहल को बालिकाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई।

Similar News