बागोर: बड़े मंदिर में चारभुजा नाथ का फूलडोल व फागोत्सव शुरू; गुलाल और पुष्प वर्षा के साथ नगर भ्रमण पर निकले ठाकुर जी
बागोर: बड़े मंदिर में चारभुजा नाथ का फूलडोल व फागोत्सव शुरू; गुलाल और पुष्प वर्षा के साथ नगर भ्रमण पर निकले ठाकुर जी
बागोर (कैलाश चंद्र शर्मा)। कस्बे के ऐतिहासिक बड़े मंदिर में आराध्य भगवान श्री चारभुजा नाथ का फूलडोल एवं फागोत्सव हर्षोल्लास के साथ शुरू हो गया है। शुक्रवार को महोत्सव के पहले दिन ठाकुर जी को अत्यंत मनमोहक और रंग-बिरंगी पोशाक धारण करवाकर विशेष श्रृंगार किया गया।
पुष्प वर्षा और ढोल-नगाड़ों के साथ निकला बेवाण
लड्डा मंदिर के पुजारी भगवान दास ने बताया कि परंपरा के अनुसार, होली दहन के अगले दिन से अमावस्या तक चारभुजा नाथ को बेवाण में विराजमान कर प्रतिदिन नगर भ्रमण पर ले जाया जाता है। इसी कड़ी में शुक्रवार को ढोल-बाजों और पुष्प वर्षा के बीच ठाकुर जी ने नगर भ्रमण किया। गांव के विभिन्न समाजों द्वारा अलग-अलग मंदिरों में फाग उत्सव मनाने के लिए ठाकुर जी को ससम्मान ले जाया जा रहा है।
भजन मंडलियों ने बिखेरे भक्ति के रंग
नगर भ्रमण के दौरान भजन मंडलियों ने 'झीणी-झीणी उड़े रे गुलाल सांवरिया थारे मंदिर में', 'रंग मत डालो रे सांवरिया', और 'फूलड़ा ले आया माली का' जैसे सुमधुर भजनों की प्रस्तुतियां दीं। इन भजनों की स्वर लहरियों पर ग्रामीण झूमते नजर आए।
अमावस्या तक चलेगा उत्सव
पूरे मार्ग में ग्रामीणों ने ठाकुर जी पर रंग-बिरंगी गुलाल और फूलों की पंखुड़ियों की वर्षा कर अपनी अगाध श्रद्धा प्रकट की। यह उत्सव अमावस्या तक निरंतर जारी रहेगा, जिसमें प्रतिदिन भगवान के बेवाण को विभिन्न मोहल्लों और मंदिरों में ले जाया जाएगा।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455
