गुर्जर समाज सामूहिक विवाह सम्मेलन बिजौलिया में 21 जोड़े बने हमसफर, शिक्षा और एकता का दिया संदेश
बिजौलिया दीपक राठौर। विजय सिंह पथिक की ऐतिहासिक कर्मभूमि बिजौलिया के देव डूंगरी स्थित देवनारायण मंदिर परिसर में गुर्जर समाज का पांचवां नि शुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन एवं वार्षिक बंधेज पूर्णाहुति कार्यक्रम भव्य रूप से आयोजित हुआ। इस अवसर पर गुर्जर समाज के 21 नवदंपत्तियों ने भगवान देवनारायण को साक्षी मानकर सात फेरे लेकर दांपत्य जीवन की शुरुआत की। आयोजन में हजारों समाजबंधुओं की उपस्थिति ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक बना दिया।
मुख्य अतिथि पूर्व राज्यमंत्री ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि सामूहिक विवाह जैसे आयोजनों से समाज में आर्थिक मजबूती आती है और फिजूलखर्ची पर रोक लगती है। उन्होंने कहा कि बिजौलिया से प्रेरणा लेकर पूरे राजस्थान में इस तरह के सम्मेलन नियमित रूप से होने चाहिए। उन्होंने गुर्जर समाज को देशभक्त बताते हुए कहा कि समाज ने राष्ट्र निर्माण में अनगिनत बलिदान दिए हैं। साथ ही बालिका शिक्षा को समाज के विकास की कुंजी बताते हुए बेटियों को शिक्षित करने पर जोर दिया।
मांडल विधायक ने कहा कि वे मांडल देवनारायण मंदिर को खुलवाने के लिए निरंतर प्रयास कर रहे हैं और मंदिर खुलने के बाद ही वे साफा पहनेंगे तथा बाल दाढ़ी बनवाएंगे। उन्होंने यह भी बताया कि भीलवाड़ा जिला मुख्यालय पर गुर्जर छात्रावास का निर्माण कार्य प्रगति पर है।
कोटा के पूर्व विधायक एवं लोकसभा प्रत्याशी प्रहलाद गुंजल ने समाज से संगठित होकर आगे बढ़ने का आह्वान किया और कहा कि बालिका शिक्षा के बिना किसी भी समाज का सर्वांगीण विकास संभव नहीं है। वहीं गुर्जर आरक्षण संघर्ष समिति के प्रदेशाध्यक्ष विजय सिंह बैंसला ने तहसील स्तर पर सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित करने की आवश्यकता बताई, जिससे समाज आर्थिक रूप से और सशक्त बन सके।
उप जिला प्रमुख शंकरलाल गुर्जर ने युवाओं को शिक्षा के प्रति समर्पित रहने की अपील की। गुर्जर समाज मांडलगढ़ के अध्यक्ष सत्यनारायण गुर्जर ने कहा कि समाज को अनावश्यक खर्चों से बचकर शिक्षा में निवेश करना चाहिए और जल्द ही मांडलगढ़ में छात्रावास निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के प्रदेशाध्यक्ष रामप्रसाद धाभाई ने भी बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने की बात कही।
आयोजन में सहयोग करने वाले भामाशाहों और समाजसेवियों का मंच से आभार जताया गया। ऊपरमाल बरड़ खैराड़ क्षेत्र गुर्जर महासभा अध्यक्ष सरपंच नेवालाल गुर्जर ने सम्मेलन को सफल बनाने वाले सभी दानदाताओं और समाजबंधुओं का धन्यवाद किया।
