भीलवाड़ा, । भारत विकास परिषद की स्वामी विवेकानंद शाखा द्वारा स्व. मनीष काबरा की द्वितीय पुण्यतिथि पर आयोजित होने वाले 56वें निशुल्क दिव्यांग सहायता शिविर को सफल बनाने के लिए इस बार भीलवाड़ा प्रशासन ने भी सक्रिय सहयोग दिया है। जिला प्रशासन और परिषद के साझा प्रयास से जिले के दिव्यांगों को एक ही छत के नीचे स्वास्थ्य लाभ और सरकारी योजनाओं का लाभ मिलेगा।
जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू ने सभी उपखंड अधिकारियों, तहसीलदारों, विकास अधिकारियों और नगर परिषद को विशेष निर्देश जारी किए हैं, ताकि शिविर का लाभ जिले के अंतिम छोर तक पहुँच सके। शिविर में चिकित्सा एवं तकनीकी सहायता सुनिश्चित करने में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव शर्मा और महात्मा गांधी अस्पताल के अधीक्षक डॉ. अरुण कुमार गौड़ का विशेष सहयोग मिलेगा।
शिविर 12 से 14 फरवरी तक आयोजित होगा। इसमें दिव्यांगों को कृत्रिम पैर, हाथ, व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र जैसी सुविधाएं निशुल्क प्रदान की जाएंगी। पहली बार ई-मित्र के माध्यम से यूडीआईडी कार्ड और रोडवेज के रियायती पास बनाने की सुविधा भी शिविर स्थल पर उपलब्ध रहेगी। साथ ही, हाईटेक मोबाइल वैन से दांतों का निशुल्क इलाज भी किया जाएगा।
तैयारी और जिम्मेदारियों की समीक्षा के लिए 6 फरवरी को काशीपुरी वकील कॉलोनी स्थित माहेश्वरी भवन में बैठक बुलाई गई है, जिसमें समाजसेवकों की उपस्थिति अनिवार्य होगी।