तेज रफ्तार ट्राेला ने बाइक सवार बुजुर्ग को कुचला, मौके पर मौत
भीलवाड़ा। बिजौलिया थाना क्षेत्र के सलावटिया फोरलेन कट राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्राला ने बाइक सवार एक बुजुर्ग को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बुजुर्ग उछलकर ट्राेला के टायरों के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंच गई।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान कालू लाल रैगर (57) निवासी पचानपुरा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कालू लाल किसी काम से बाइक पर बिजौलिया की ओर जा रहे थे, तभी सलावटिया फोरलेन कट के पास पीछे से तेज गति से आ रहे ट्राेला ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्राेला चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
उन्होंने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है और शव को पोस्टमार्टम के लिए मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। फिलहाल पुलिस ने मौके पर मुआयना कर साक्ष्य जुटाए हैं और ट्राेला चालक की तलाश में नाकाबंदी करवा दी है। हादसे के बाद मौके पर काफी संख्या में लोग इकठ्ठा हो गए थे, जिसकी वजह से फोरलेन पर जाम लग गया था।