भीलवाड़ा। जिले के आसींद कस्बे को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने की दिशा में प्रशासन ने सक्रियता दिखाई है। सोमवार देर रात एसडीएम परमजीत सिंह ने नगर पालिका के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ नगर के मुख्य बाजारों और चौराहों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बढ़ते अतिक्रमण पर नाराजगी व्यक्त की और अधिकारियों को कड़े दिशा-निर्देश दिए।
एसडीएम सिंह ने टीम के साथ बस स्टैंड, PWD चौराहा और नगर के अन्य व्यस्त मार्गों का पैदल भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान उन्होंने पाया कि कई स्थानों पर अस्थायी और स्थायी अतिक्रमण के कारण यातायात बाधित हो रहा था और नगर की सुंदरता प्रभावित हो रही थी।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने नगर पालिका अधिकारियों के साथ मौके पर ही सौंदर्यीकरण की रूपरेखा तैयार की। उन्होंने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाने, सड़कों और फुटपाथों पर अवैध कब्जों को तुरंत चिन्हित कर हटाने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त, पीडब्ल्यूडी चौराहे और बस स्टैंड जैसे महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थलों पर लाइट, पेंट और सुव्यवस्थित लैंडस्केपिंग के माध्यम से चौराहों के सौंदर्यीकरण पर भी चर्चा की गई।
एसडीएम ने आमजन को परेशानी से बचाने के लिए पार्किंग व्यवस्था को दुरुस्त करने की योजना बनाने को भी कहा। भ्रमण के दौरान उन्होंने व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों से संवाद कर नगर के विकास और सुंदरता में सहयोग की अपील की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि स्वेच्छा से अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो प्रशासन द्वारा सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान नगर पालिका के विभिन्न विभागों के कर्मचारी और स्थानीय पुलिस बल भी मौजूद रहा। प्रशासन की इस सक्रियता से नगरवासियों में उम्मीद जगी है कि आने वाले दिनों में आसींद में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेंगे।
