भीलवाड़ा। शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने और यातायात व्यवस्था को सुचारू करने के लिए भीलवाड़ा नगर निगम द्वारा चलाया जा रहा 'अतिक्रमण हटाओ अभियान' मंगलवार को भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहा। निगम की टीम ने आज शहर के व्यस्ततम क्षेत्रों में से एक, महावीर पार्क के पास बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।
अभियान के दौरान निगम के दस्ते ने महावीर पार्क के सामने स्थित दुकानों के बाहर नालियों पर किए गए अवैध कब्जों को निशाना बनाया। दुकानदारों द्वारा नालियों के ऊपर पक्के फुटपाथ और चबूतरे बना लिए गए थे, जिससे न केवल नाले की सफाई में बाधा आ रही थी, बल्कि सड़क की चौड़ाई कम होने से राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। निगम की जेसीबी ने देखते ही देखते इन अवैध फुटपाथों को ध्वस्त कर दिया।
कार्रवाई के दौरान कुछ व्यापारियों ने विरोध दर्ज कराने का प्रयास किया, लेकिन भारी पुलिस जाब्ते और निगम अधिकारियों की मौजूदगी के आगे उनकी एक न चली। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया कि नालियों पर अतिक्रमण के कारण जलभराव की समस्या पैदा हो रही है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों ने व्यापारियों को सख्त हिदायत दी कि वे भविष्य में दोबारा सड़क और नालियों पर सामान रखकर या निर्माण कर अतिक्रमण न करें, अन्यथा उनके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।