बापूनगर में निःशुल्क स्वर्ण प्राशन आयुर्वेद शिविर, 700 से अधिक लोगों ने उठाया लाभ
भीलवाड़ा। शहर के राजकीय आयुर्वेद औषधालय बापूनगर में सोमवार को निःशुल्क आयुर्वेदिक टीकाकरण मंत्रौषधि स्वर्ण प्राशन संस्कार शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में एक माह से सोलह वर्ष तक के 350 बच्चों को निःशुल्क स्वर्ण प्राशन की ड्रॉप्स पिलाई गई। इसके अलावा 166 लोगों की बीपी और शुगर जांच की गई, जबकि 200 से अधिक लोगों को विभिन्न रोगों को लेकर परामर्श दिया गया।
आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी डॉ उगन्ता मीणा ने बताया कि यह निःशुल्क स्वर्ण प्राशन शिविर प्रति माह पुष्य नक्षत्र में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्वर्ण प्राशन से बच्चों की बौद्धिक क्षमता, ताकत, एकाग्रता, पाचन शक्ति, सर्वांगीण विकास, सीखने की क्षमता, रोग प्रतिरोधक शक्ति तथा महामारी से लड़ने की क्षमता में वृद्धि होती है। भारतीय संस्कृति में सोलह संस्कारों में इसे प्रथम संस्कार माना गया है। इसमें स्वर्ण भस्म को देशी घी और शहद के साथ घोटकर विशेष ड्रॉप्स तैयार की जाती है।
शिविर के सफल आयोजन में निर्मला बैरवा और ज्योति दधीच का विशेष सहयोग रहा। बड़ी संख्या में अभिभावकों ने बच्चों के साथ पहुंचकर इस सुविधा का लाभ उठाया।