भीलवाड़ा। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सुभाष नगर में शुक्रवार को मेघा पीटीएम और निपुण मेले के आयोजन के साथ कक्षा 9 में अध्ययनरत 91 बालिकाओं को नि:शुल्क साइकिलें वितरित की गईं। कार्यक्रम में विधायक प्रत्याशी भीलवाड़ा विट्ठल शंकर अवस्थी मुख्य अतिथि रहे जबकि प्रधानाचार्य उर्मिला जोशी की अध्यक्षता में आयोजन संपन्न हुआ।
इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि अनिल कोठारी, एसडीएमसी सदस्य मदन माली, श्यामलाल ओझा, प्रभु सिंह, पार्षद जगदीश गुर्जर, भाजपा नेता विजय पोखरण और जगदीश सालवी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि अवस्थी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार बालिकाओं के सम्मान और शिक्षा को लेकर संकल्पबद्ध है। उन्होंने छात्राओं से मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने व्यक्तित्व को निखारने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान रितु राठौड़ और नंदिनी कंवर की व्यावसायिक शिक्षा कक्षाओं तथा मधु जैन, जय श्री, मधुबाला और वीणा पारीक के निर्देशन में आयोजित निपुण मेले में विद्यार्थियों द्वारा प्रदर्शित शैक्षणिक सामग्री का अतिथियों ने अवलोकन किया और उनकी प्रतिभा की सराहना की।
कार्यक्रम का संचालन सोनू शर्मा और नीलम परिहार के साथ प्रधानाचार्य महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय पुर प्रेम शंकर जोशी ने किया। वहीं पारी प्रभारी ममता शर्मा और मधु लड्ढा ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया। आयोजन को सफल बनाने में दीपमाला शर्मा, मीनाक्षी शर्मा, रणजीत सिंह, विजय सिंह, महावीर प्रसाद और विकास जोशी का विशेष योगदान रहा।
