भीलवाड़ा। गणतंत्र दिवस के अवसर पर देशभक्ति एवं नागरिक जागरूकता के उद्देश्य से भीलवाड़ा साइकिल क्लब द्वारा एक भव्य तिरंगा साइकिल रैली का आयोजन किया जा रहा है। यह रैली भीलवाड़ा साइकिल क्लब के संयोजक श्री तिलोकचंद छाबड़ा के नेतृत्व में, वरिष्ठ नागरिक मंच, परिवहन विभाग भीलवाड़ा एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के संयुक्त सहयोग से आयोजित होगी।
भीलवाड़ा साइकिल क्लब के प्रभारी श्री अरुण संतोष मुछाल ने जानकारी देते हुए बताया कि यह रैली रविवार, 25 जनवरी को प्रातः 8 बजे स्टेशन चौराहा से प्रारंभ होकर शहर के मुख्य मार्गों से होकर पुनः स्टेशन चौराहा स्थित पुलिस कंट्रोल रूम पर संपन्न होगी।
इस अवसर पर उच्च प्रशासनिक अधिकारी, परिवहन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, एवं शहर के गणमान्य नागरिक रैली में सहभागिता करेंगे। रैली के दौरान देशभक्ति नारों के साथ-साथ सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूकता फैलाने वाले संदेशों का प्रसार किया जाएगा।