भीलवाड़ा स्टेशन पर स्वचालित सीढ़ियां अधिकतर समय बंद, यात्रियों को हो रही परेशानी
भीलवाड़ा (हलचल)। भीलवाड़ा रेलवे स्टेशन पर स्थापित स्वचालित सीढ़ियां (एस्केलेटर) अधिकांश समय बंद रहने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर दिन में 11:15 बजे के आसपास, जब एक साथ दो ट्रेनें अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर आती हैं, तो भारी संख्या में यात्री प्लेटफॉर्म बदलने के लिए मजबूरन पैदल सीढ़ियां चढ़ते-उतरते हैं, जिससे बुजुर्ग, महिलाएं और सामान ढो रहे यात्रियों को दिक्कत होती है।
यात्रियों ने जब इस संबंध में स्टेशन मास्टर से शिकायत की, तो उनका कहना था कि स्वचालित सीढ़ियां लोकल इलेक्ट्रिसिटी से चलती हैं और फिलहाल बिजली आपूर्ति नहीं होने के कारण वे बंद हैं। हालांकि यात्रियों का सवाल है कि जब पूरे स्टेशन पर लाइट, पंखे और अन्य सुविधाएं रेलवे की बिजली से सुचारू रूप से चल रही हैं, तो केवल स्वचालित सीढ़ियां लोकल बिजली से क्यों चलाई जा रही हैं।यात्रियों का मानना है कि यह जवाब संतोषजनक नहीं है और रेलवे प्रशासन को इस तकनीकी व्यवस्था की समीक्षा कर स्थायी समाधान करना चाहिए, ताकि यात्रियों को विशेषकर ट्रेन के आगमन-प्रस्थान के व्यस्त समय में सुविधा मिल सके।