भीलवाड़ा टेक्सटाइल एवं हैंडीक्राफ्ट मेला-2026: औद्योगिक विकास, अवसर और चुनौतियों पर टॉक शो

Update: 2026-01-22 13:53 GMT

 भीलवाड़ा । भीलवाड़ा टेक्सटाइल एवं हैंडीक्राफ्ट मेला-2026 के अंतर्गत गुरूवार को “भीलवाड़ा के औद्योगिक विकास : अवसर, चुनौतियाँ एवं संभावनाएँ” विषय पर एक टॉक शो का सफल आयोजन ग्रामीण हाट, में किया गया। कार्यक्रम का आयोजन एमएलवी टेक्सटाइल एवं इंजीनियरिंग कॉलेज के सहयोग से जिला प्रशासन, उद्योग प्रोत्साहन संस्थान एवं जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र के द्वारा किया गया।

कार्यक्रम में महाप्रबंधक, जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र के. के. मीना ने उद्योग विभाग द्वारा संचालित उद्योग प्रोत्साहन एवं औद्योगिक विकास से संबंधित विभिन्न योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने डॉ. भीमराव अंबेडकर राजस्थान दलित आदिवासी उद्यम प्रोत्साहन योजना, राजस्थान निवेश प्रोत्साहन योजना-2024, एमएसएमई पॉलिसी-2024, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना-2026, विश्वकर्मा युवा उद्यमी प्रोत्साहन योजना-2025 आदि योजनाओं के माध्यम से युवाओं एवं उद्यमियों को मिलने वाले लाभ, अनुदान, सब्सिडी एवं सहायता प्रावधानों पर प्रकाश डाला।

टॉक शो में पैनलिस्ट के रूप में आर.सी. लोढ़ा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मेवाड़ चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री, अशोक पाण्डे लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर बैंक ऑफ बड़ौदा, डॉ. हर्षवर्धन सारस्वत असिस्टेंट प्रोफेसर एमएलवी टेक्सटाइल इंजीनियरिंग कॉलेज,  रवि कालरा ने सहभागिता की और अपने-अपने क्षेत्र से संबंधित महत्वपूर्ण विचार साझा किए।

कार्यक्रम में आर.सी. लोढ़ा ने ईवी व्हीकल, ए आई, रोबोटिक्स, टेक्नीकल टेक्सटाइल, ओरगेनिक फूड्स का भविष्य और संभावनाए बताई, उद्यमी रवि कालरा ने स्किल डवलपमेंट पर काम करने, अग्रणी बैंक प्रबंधक अशोक कुमार पांडेय ने बैंकिंग योजनाओं, साइबर फ्रॉड, डिजिटल अवेयरनेस की जानकारी दी ।एम.एल.वी टेक्सटाइल कालेज के प्रोफेसर डां. हर्षवर्धन ने इनोवेशन, रिसर्च एवं कॉलेज की भूमिका के बारे में अवगत कराया।

इस दौरान एमएलवी टेक्सटाइल एवं इंजीनियरिंग कॉलेज के विद्यार्थियों के साथ-साथ उद्योग जगत से जुड़े प्रतिनिधियों ने भी सक्रिय रूप से भाग लिया। पैनलिस्ट्स द्वारा टेक्सटाइल उद्योग, निवेश संभावनाएँ, रोजगार सृजन, कौशल विकास, नवाचार एवं औद्योगिक चुनौतियों पर सार्थक चर्चा की। विद्यार्थियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का विशेषज्ञों ने व्यवहारिक एवं प्रेरणादायी उत्तर दिया।

कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को औद्योगिक अवसरों से अवगत कराना तथा शिक्षा एवं उद्योग के बीच समन्वय स्थापित करना रहा। अंत में आयोजकों द्वारा सभी अतिथियों, पैनलिस्ट्स, प्रतिभागियों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया गया।

23 जनवरी को मांगिणयार लोक कलाकार खेता खान का सांय 6.00 बजे से शानदार कार्यक्रम नगर पालिका मांडलगढ़ द्वारा किया जायेगा, अधिक से अधिक भीलवाड़ा निवासी भाग लेकर लाभ उठाएं।

Similar News