आईसीएआई सीए वॉलीबॉल लीग 2026 में भीलवाड़ा की धमाकेदार जीत

Update: 2026-02-23 10:38 GMT

उदयपुर / भीलवाड़ा। आईसीएआई की उदयपुर शाखा (सीआईआरसी) द्वारा रविवार, 22 फरवरी 2026 को आयोजित ‘सीए वॉलीबॉल लीग 2026’ में भीलवाड़ा की टीम ने अपने असाधारण खेल और अटूट समन्वय के दम पर खिताबी जीत हासिल की। उदयपुर के पुला स्पोर्ट्स एकेडमी में आयोजित इस टूर्नामेंट में भीलवाड़ा टीम ने न केवल जीत दर्ज की, बल्कि पूरे प्रतियोगिता के दौरान अपना दबदबा भी कायम रखा।

एकतरफा मुकाबले और क्लीन स्वीप

शाखा अध्यक्ष आलोक सोमानी ने बताया कि टूर्नामेंट की सबसे खास बात भीलवाड़ा टीम की आक्रामक और संतुलित खेल शैली रही। टीम ने अपने सफर में खेले गए सभी मैचों में जीत हासिल की। खास बात यह रही कि ये जीतें करीबी मुकाबलों में नहीं, बल्कि पूरी तरह से एकतरफा रहीं। भीलवाड़ा के खिलाड़ियों ने शुरुआत से अंत तक विपक्षी टीमों पर दबाव बनाए रखा और किसी भी मैच को अंतिम क्षणों तक फंसने नहीं दिया।

इन टीमों को दी शिकस्त

शाखा सचिव अक्षय सोडानी के अनुसार इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भीलवाड़ा के अलावा सीजीएसटी, एसजीएसटी, इनकम टैक्स और मेजबान उदयपुर की टीम 1 व टीम 2 सहित कई मजबूत टीमों ने भाग लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बावजूद भीलवाड़ा की टीम ने अपने दमदार स्मैश और मजबूत डिफेंस के बल पर सभी को पछाड़ते हुए ट्रॉफी अपने नाम की।

व्यक्तिगत सम्मान से बढ़ाया मान

शाखा उपाध्यक्ष दिनेश सुथार ने बताया कि टीम की सामूहिक जीत के साथ व्यक्तिगत प्रदर्शन में भी भीलवाड़ा के खिलाड़ियों ने उत्कृष्टता दिखाई।

रोहित पोरवाल को उनके बहुमुखी प्रदर्शन के लिए मोस्ट यूटिलिटी प्लेयर के खिताब से नवाजा गया। भरत लड्ढा को टूर्नामेंट का बेस्ट सेंटर चुना गया।

विजेता टीम के सितारे

चैंपियन टीम में रोहित पोरवाल, मधुर बिड़ला, भरत लड्ढा, ऋषभ नागोरी, हिमांशु जैन और तनिष असावा शामिल रहे। सभी खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार तालमेल और खेल भावना का परिचय दिया।

आयोजन और आभार

शाखा कोषाध्यक्ष सत्यनारायण लाठी ने बताया कि टूर्नामेंट का सफल आयोजन आईसीएआई उदयपुर मैनेजिंग कमेटी द्वारा किया गया। भीलवाड़ा टीम की इस ऐतिहासिक जीत पर स्थानीय सीए सदस्यों और खेल प्रेमियों ने हर्ष व्यक्त किया है। टीम ने उदयपुर शाखा के चेयरमैन सीए राहुल माहेश्वरी और उनकी पूरी टीम को शानदार आतिथ्य और बेहतरीन आयोजन के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।

इस गौरवशाली जीत के बाद भीलवाड़ा में जश्न का माहौल है और सभी सदस्यों ने विजेता टीम को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।

Tags:    

Similar News